home page

नगांव लोस उपचुनावः 4 बजे तक की मतगणना में भाजपा की 1,66,915 मतों की निर्णायक बढ़त

 | 
नगांव लोस उपचुनावः 4 बजे तक की मतगणना में भाजपा की 1,66,915 मतों की निर्णायक बढ़त


नगांव, 09 अक्टूबर (हि.स.)। असम की नगांव लोकसभा उपचुनाव की मतगणना आज सुबह आरंभ हुई। दिन के 4 बजे तक की मतगणना के अनुसार राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने 1,66,915 मतों के अंतर से निर्णायक बढ़त बना ली है। जबकि, एआईयूडीएफ दूसरे तथा कांग्रेस तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

चुनाव आयोग की आधिकारिक सूचना के अनुसार भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा को 5,76,434 मत मिले हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर एआईयूडीएफ के उम्मीदवार मौलाना बदरुद्दीन अजमल हैं, जिन्हें 4,09,519 मत मिले हैं। तीसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार शिबामोनी बोरा को 1,02,415 वोट मिले हैं। वहीं, नोटा पर 7501 मत दर्ज हुए हैं। चार बजे तक कुल 11,17,466 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है।

6 अक्टूबर को हुए नगांव उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 19,02,009 है। भाजपा, कांग्रेस, एआईयूडीएफ समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

नगांव लोकसभा में कुल आठ विधानसभा क्षेत्र हैं। जिसमें से चार विधानसभा ऐसी हैं, जहां अल्पसंख्यक मतदाताओं का पूरी तरह से दबदबा है। आश्चर्यजनक रूप से इस बार के चुनाव में भाजपा अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर मत पाने के मामले में पहले या दूसरे स्थान पर है।

आमतौर पर अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर कांग्रेस या एआईयूडीएफ ही पहले या दूसरे स्थान पर रहती हैं। लेकिन, पहली बार देखा गया है कि मत पाने के मामले में कांग्रेस खिसककर तीसरे स्थान पर चली गयी है। इस बार के चुनाव परिणाम को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस को लेकर जमकर बयानबाजी हो रही है। हाल ही में कांग्रेस खेमे से अलग हुए राइजर दल के विधायक एवं पार्टी अध्यक्ष अखिल गोगोई ने कांग्रेस पार्टी के इस नाराजाजनक प्रदर्शन के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई एवं सांसद रकीबुल हुसैन को जिम्मेदार ठहराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय