असम भाजपा ने ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के लिए कांग्रेस की निंदा की
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के कथित आचरण की कड़ी निंदा की है।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में सोनिया गांधी द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का गायन रोकने का संकेत देने और राहुल गांधी द्वारा इसे “हमारा वर्जन नहीं” कहे जाने का दावा किया गया है।
उपाध्याय ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल या परिवार की संपत्ति नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कथित घटना पर देशवासियों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और तिरंगे के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

