home page

भाजपा के नेतृत्व में पूरे असम में मनाया जाएगा संविधान गौरव दिवस

 | 
भाजपा के नेतृत्व में पूरे असम में मनाया जाएगा संविधान गौरव दिवस


गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश के नेतृत्व में आगामी 26 से 29 नवंबर तक पूरे असम में संविधान गौरव दिवस के व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अटल बिहारी वाजपेयी भवन में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार भुइयां, मनोज बरुवा और रत्ना सिंह ने मीडिया को इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। गुवाहाटी के श्रीमंत शंकर देव कला क्षेत्र के बाणीकांत काकति प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से संविधान गौरव दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा, असम प्रदेश के अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. रोमन शर्मा उपस्थित रहेंगे और वक्ता के रूप में दिसपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नवजीत बोरा उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भुइयां ने कहा कि आज जो कांग्रेस पार्टी संविधान की सुरक्षा की बात करती है, उसी कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में देश के संविधान का बार-बार अपमान किया गया। उन्होंने बताया कि देश में राष्ट्रीय आपातकाल लगाना शुरू करके, विभिन्न राज्यों में असंवैधानिक रूप से निर्वाचित सरकारों को हटा देने तक, कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के नियमों और सिद्धांतों का उल्लंघन करने के कई उदाहरण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता महान विद्वान बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में उम्मीदवार खड़ा कर उन्हें चुनाव में हरा दिया। यहां तक कि डॉ. अंबेडकर के निधन के बाद भी उनके अंतिम संस्कार के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने दिल्ली में जमीन नहीं दी थी। डॉ. भुइयां ने ऐसे ऐतिहासिक घटनाओं के संदर्भ में कांग्रेस के संविधान सुरक्षा के नारे की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया।

डॉ. भुइयां ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार ने देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के साथ-साथ संविधान के आधार पर देश के शासन व्यवस्था को चलाने पर जोर दिया है। संविधान के वास्तविक आदर्श, मूल्य और नीतियों के बारे में नई पीढ़ी के साथ समाज के सभी वर्गों के नागरिकों को जागरूक और सचेत करना ही संविधान गौरव दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य है। ताकि हर नागरिक संविधान की गरिमा को बनाए रखें, इसके आदर्श का सम्मान करें और संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं, इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने यह कार्यक्रम अपनाया है।

यह उल्लेखनीय है कि संविधान निर्माता की सेवा, उद्देश्य और लक्ष्य को आम जनता के बीच पहुंचाने के लिए भाजपा असम प्रदेश ने राज्य स्तर पर संविधान गौरव दिवस के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं। 26 से 29 नवंबर तक राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और स्थानों पर आयोजित होने वाले संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और सांसद हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के अनुसार डिब्रू कॉलेज में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मौजूद रहेंगे। श्रीमंत शंकरदेव कला क्षेत्र के बाणीकांत काकति प्रेक्षागृह में राज्य अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया मौजूद रहेंगे। असम विश्वविद्यालय में सांसद परिमल शुक्लबैद्य उपस्थित रहेंगे। डिफू सरकारी कॉलेज में सांसद अमर सिंह तिस उपस्थित रहेंगे। गुवाहाटी कॉलेज में सांसद बिजुली कलिता मेधी उपस्थित रहेंगी। जिया जिया महाबीर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सांसद रंजीत दत्त उपस्थित रहेंगे। नगांव विश्वविद्यालय में सांसद देवाशीष शर्मा उपस्थित रहेंगे। चपाख़ौआ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सांसद प्रदान बरुवा उपस्थित रहेंगे। वीरांगना सती साधिनी विश्वविद्यालय में सांसद कामख्या प्रसाद तासा उपस्थित रहेंगे। दुलियाजान कॉलेज में सांसद टेरेस गोवाला उपस्थित रहेंगे। मनमोहन घोष डीबी कॉलेज में सांसद कॉनराड पुरकायस्थ उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय