home page

असम भाजपा ने पार्श्वगायिका आशा भोंसले के निधन पर जताया शोक

 | 
असम भाजपा ने पार्श्वगायिका आशा भोंसले के निधन पर जताया शोक


गुवाहाटी, 12 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महान पार्श्वगायिका व प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित आशा भोंसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में असम प्रदेश भाजपा ने कहा कि भारतीय सिनेमा और संगीत में आशा का अद्वितीय योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमिट विरासत बना रहेगा। कई दशकों के अपने शानदार करियर में उन्होंने 20 से अधिक भारतीय भाषाओं- जिनमें हिंदी, बंगाली और मराठी शामिल हैं के साथ-साथ कई विदेशी भाषाओं में भी हजारों गीतों को अपनी आवाज़ दी। यह एक ऐसी उपलब्धि है, जो एक दुर्लभ और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के रूप में स्थापित है।

पार्टी ने कहा कि विश्व संगीत के इतिहास में सबसे अधिक रिकॉर्डिंग करने वाली कलाकारों में से एक मानी जाने वाली आशा भोंसले का निधन भारतीय फिल्म उद्योग और वैश्विक संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। प्रदेश भाजपा ने दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, उनकी आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की और इस असीम दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उल्लेखनीय है कि आशा भोंसले का रविवार काे मुंबई के एक अस्पताल में हृदय संबंधी बीमारी का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है। प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित और भारत की सबसे प्रसिद्ध संगीत हस्तियों में से एक, आशा भोंसले का निधन भारतीय संगीत के एक असाधारण युग के अंत का प्रतीक है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय