home page

चुनाव 26: भाजपा की बी टीम है एआईयूडीएफ- गौरव गोगोई

 | 
चुनाव 26: भाजपा की बी टीम है एआईयूडीएफ- गौरव गोगोई


कोकराझार (असम), 04 अप्रैल (हि.स.)। असम में आसन्न विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के उम्मीदवारों और स्टार प्रचारकों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने शनिवार को निचले असम में व्यापक चुनाव प्रचार किया। इससे पहले वे ऊपरी असम में प्रचार कर चुके हैं। सुबह करीब 10 बजे गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर वे करीब 10:45 बजे पर्बतझोरा पहुंचे, जहां उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित किया।

इसके बाद वे गौरीपुर पहुंचे, जहां लगभग 12:30 बजे उन्होंने एक अन्य जनसभा में भाग लिया। पर्बतझोरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार अश्राफुल इस्लाम शेख के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा में भी गोगोई ने प्रचार किया।

अपने संबोधन में गोगोई ने भाजपा और एआईयूडीएफ पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा में “सिंडिकेट सिस्टम” चल रहा है और ऐसे लोगों को पार्टी का टिकट दिया गया है जो इस नेटवर्क से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एआईयूडीएफ भाजपा की “बी टीम” की तरह काम कर रही है। गोगोई ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के बीच नजदीकी संबंध होने का दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में एआईयूडीएफ ने भाजपा की मदद की।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के एकजुट होने से जनता में विश्वास बढ़ा है और लोग अब डर और दबाव को नजरअंदाज कर विपक्ष के साथ आ रहे हैं। गोगोई ने पर्बतझोरा के मतदाताओं से शांति, विकास और अन्याय के खिलाफ लड़ाई के लिए कांग्रेस उम्मीदवार अश्राफुल इस्लाम शेख को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश