विश्वनाथ जिले में छठ पूजा की धूम, छठ घाटों पर उमड़ी व्रतधारियों की भीड़
विश्वनाथ (असम), 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का सबसे बड़ा महापर्व छठ पूजा की धूम आज पूरे देश में देखी जा रही है। इसी क्रम में विश्वनाथ जिले के सभी छठ घाटों पर व्रतधारियों की भारी उपस्थिति देखी गयी। रविवार दोपहर दो बजे से ही व्रतधारियों ने छठ घाट पहुंचकर बेदी पूजन कर कलश स्थापना की और भगवान भास्कर के आराधना में जुट गईं।
व्रतधारियों ने ऋतु फलों, ठेकुआ तथा प्रसाद से सजी टोकरी और सूप से भगवान सूर्य को संध्या कालीन अर्घ्य अर्पित किया। विश्वनाथ चारिआली शहर के आमबाड़ी स्थित केंद्रीय श्रीश्री छठ पूजा समिति के छठ घाट पर व्रतधारियों के लिए षष्ठी माता का भव्य संध्या आरती का आयोजन भी किया गया। जिसमें छठी मइया के गीतों से परिवेश भक्तिमय हो उठा।
इस मौके आयोजित सभा में विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वनाथ के विधायक पल्लवलोचन दास, विश्वनाथ आयुक्त करबी सैकिया, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
व्रतधारियों ने भगवान भास्कर तथा छठी मइया से सभी के जीवन में ऊर्जा, समृद्धि और आनंद का प्रकाश की कामना की। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ पर्व का समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

