भारतीय किसान संघ ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए शुरू किया राहत एवं पुनर्वास अभियान
गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय किसान संघ, जोरहाट जिला के तत्वावधान में शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों के बीच धान की पौध (पैडी सैपलिंग) का वितरण किया गया।
भारतीय किसान संघ केवल किसानों को खेती के लिए सहयोग ही नहीं दे रहा है, बल्कि शिवसागर जिले में लगभग 5,000 किसान परिवारों तथा 5,000 विद्यालयी छात्रों के लिए वस्त्र वितरण, स्वास्थ्य शिविर तथा अन्य आवश्यक राहत एवं पुनर्वास कार्यों की व्यापक योजना भी बना रहा है।
इस वर्ष असम के 25 जिले भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें शिवसागर एवं चराईदेव, जोरहाट जिले सबसे अधिक प्रभावित रहे। बाढ़ के कारण लगभग बड़े पैमाने पर कृषि भूमि की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। इसके अतिरिक्त भारी संख्या में पालतू पशुओं की मृत्यु हुई है।
अब तक बाढ़ के कारण 75 लोगों की मृत्यु की जानकारी सामने आई है, जबकि अनेक गांवों के लोग अभी भी लापता हैं। पूरे असम के 77 राजस्व सर्किल बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।
इस कठिन समय में भारतीय किसान संघ किसानों एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है तथा राहत, पुनर्वास और आजीविका की बहाली के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

