बरपेटा रोड : सड़क दुर्घटना में दो की मौत, एक घायल
बरपेटा (असम), 19 सितंबर (हि.स.)।
बरपेटा रोड से होकर गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर दस माइल इलाके में आज हुए भयावह सड़क दुर्घटना में घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना दस माइल के राम मंदिर के सामने डिवाइडर के पास ट्रक से टकराने के चलते हुई।
मारे गए युवकों की पहचान बरपेटा के कराइतल के सुरबान अली (35) और कदम अली (36) के रूप में की गई है। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान उसी गांव के रबियूल हुसैन (३५) के रूप में हुई है।
बताया गया है कि बरपेटा रोड से हाउली की ओर जा रही तेज़ रफ्तार मारुति सुजुकी ब्रेज़ा कार (एएस-01डीएच-0942) ने एक ट्रक (एएस-26एसी-2167) के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप ब्रेज़ा गाड़ी में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राम मंदिर के सामने डिवाइडर से अचानक एक ट्रक जैसे ही मुड़ा उसी समय ब्रेज़ा कार ने ट्रक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर शिमलागुड़ी पहरा चौकी से एक पुलिस टीम पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही मृतक युवकों के शवों को बरामद किया और घायल युवक को बरपेटा रोड के सरकारी प्राथमिक उपचार केंद्र ले गए, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बरपेटा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं, दुर्घटना में शामिल दोनों वाहन पुलिस ने बरामद कर शिमलागुड़ी पहरा चौकी ले गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक की गलती के अलावा तेज रफ्तार से ब्रेज़ा कार चलाने की वजह से यह सड़क दुर्घटना हुई।
दुर्घटना के बाद 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रुक गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

