home page

बरपेटा के खोलाबंधा में लगी आग, 40 लाख रुपये मूल्य का जूट जलकर राख

 | 
बरपेटा के खोलाबंधा में लगी आग, 40 लाख रुपये मूल्य का जूट जलकर राख


बरपेटा (असम), 28 अक्टूबर (हि.स.)। बरपेटा जिलांतर्गत खोलाबंधा में बीती रात अचानक लगी भयावह आग के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। यह आग खोलाबंधा मैरादिया साप्ताहिक बाजार में लगी। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया गया है कि साप्ताहिक बाजार के जूट बाजार के एक हिस्से में व्यापारियों द्वारा एकत्र कर रखे गये जूट में अचानक आग लग गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रभावित व्यापारियों के अनुसार आग में लगभग 600 मन जूट जलकर नष्ट हो गया। नष्ट हुए जूट की बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

आग लगने के असली कारणों का अंतिम सूचना मिलने तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि इस घटना में किसी शरारती तत्व के शामिल होने का भी शक जताया जा रहा है। स्थानीय सैकड़ों लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। लोगों की तत्परता की वजह से बाजार के 300 से अधिक दुकानें हादसे का शिकार होने से बच गयीं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय