home page

ब्रह्मपुत्र में बढ़ते जलस्तर के बीच बरपेटा और धुबड़ी जिले में नाव दुर्घटना ने बढ़ाई चिंता

 | 
ब्रह्मपुत्र में बढ़ते जलस्तर के बीच बरपेटा और धुबड़ी जिले में नाव दुर्घटना ने बढ़ाई चिंता


गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। असम में ब्रह्मपुत्र नद का जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच गुरुवार को बरपेटा और धुबड़ी जिलों में नाव दुर्घटनाओं की घटनाओं ने नदी परिवहन सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

बरपेटा जिले के मैरादिया घाट पर एक भीषण नाव दुर्घटना में सामान से लदी एक भुटभुटी नाव ब्रह्मपुत्र नद में डूब गई। बताया गया है कि नद की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण नाव संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते जलमग्न हो गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि नाव में लदा सामान नद में समा जाने से भारी नुकसान हुआ है।

वहीं, धुबड़ी जिले में एक तुलुंगा (बगैर इंजन) नाव के डूबने से अफरा-तफरी मच गई। नाव में लगभग 15 से 20 स्कूली छात्र-छात्राओं समेत कई यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच प्रशासन ने नदी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। ब्रह्मपुत्र तथा उसकी सहायक नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण नौवहन गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और कई स्थानों पर जोखिम की स्थिति बनी हुई है।

इसी बीच, बढ़ते जलस्तर और तेज धाराओं को देखते हुए आंतरिक जल परिवहन विभाग ने गुवाहाटी-उत्तर गुवाहाटी फेरी सेवा के संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है। विभाग द्वारा जारी आपात निर्देश में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अगली सूचना तक फेरी सेवाएं बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने लोगों से नदी मार्ग का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मानसून के दौरान सामने आ रही ये घटनाएं एक बार फिर नदी परिवहन व्यवस्था के समक्ष मौजूद चुनौतियों को उजागर कर रही हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश