नकद धन समेत दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
बरपेटा (असम), 13 अप्रैल (हि.स.)। बरपेटा रोड शहर से पुलिस ने सोमवार को नकद धन समेत दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों साइबर आरोपितों की पहचान राजू अहमद और जाहिर आलम के रूप में की गयी है।
अपराधियों में राजू अहमद का घर हाउली के हाथीजान और जाहिर आलम का घर मैरामरा गांव के रहने वाले बताये गये हैं। बरपेटा जिला अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीरन वैश्य और बरपेटा रोड थाना के पुलिस अधिकारी श्यामल ज्योति सैकिया के संयुक्त नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बरपेटा रोड स्थित स्टेट बैंक के सामने से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पुलिस ने नकद 62 हजार रुपये, एक एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन जब्त किए। बरपेटा रोड पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अपनी हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि क्या साइबर गिरोह से अन्य कोई जुड़ा है या नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

