गोरेश्वर के अमरीश नगर में जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत
बाक्सा (असम), 22 नवंबर (हि.स.)। बाक्सा जिलांतर्गत गोरेश्वर के अमरीश नगर में जंगली हाथियों का उत्पात इन दिनों काफी बढ़ गया है। जिसके चलते हाथी-मानव संघर्ष ने भयावह रूप ले लिया है। जंगली हाथियों के आतंक के कारण अब अमरीश नगर के गांववासियों को रात के समय नींद भी नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही रात होती है, जंगली हाथियों का आगमन पूरे इलाके में दहशत फैलाता है। वन विभाग के लोग मौजूद हैं, लेकिन तामुलपुर जिले का वन विभाग हाथियों को खदेड़ने में असफल रहे हैं। शनिवार की रात को जंगली हाथियों का झुंड फिर से एक बार गांव में घुस आया था। इसके परिणामस्वरूप पूरे इलाके में तीव्र तनाव और आतंकपूर्ण स्थिति पैदा हो गयी। गांववासियों ने हाथी-मानव के इस संघर्ष का स्थायी समाधान की प्रशासन से मांग कर रहे हैं। देर रात तक वन विभाग एवं ग्रामीण हाथियों को जंगल में खदेड़ने के लिए अभियान चलाते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि खेत में जैसे ही धान की फसल पककर तैयार होती वैसे ही जंगली हाथियों का आगमन रिहायशी इलाकों में होने लगता है। बताया जाता है कि धान की सुगंध जंगली हाथियों को काफी दूर से महसूस हो जाती है, जिसके चलते धान खाने के लिए जंगली हाथियों का झुंड जंगल से निकलाकर खेत एवं गांवों में घुस आते हैं। इसके चलते संपत्ति के नुकसान के साथ ही कई बार इंसानों की जान भी चली जाती है। इन दिनों पूरे राज्य में ही जंगली हाथियों का उत्पात देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

