असम विस का सत्र कल से शुरू, अध्यक्ष पद के लिए रंजीत दास का नामांकन
गुवाहाटी, 20 मई, (हि.स.)। असम विधानसभा के 16वें सत्र की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है। सत्र के पहले ही दिन विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर राज्य की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रंजीत दास के समर्थन में एनडीए प्रतिनिधिमंडल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मंत्री अतुल बोरा, मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, विधायक पीयूष हजारिका, केशव महंत और मानव डेका ने संयुक्त रूप से रंजीत दास का नामांकन प्रस्तुत किया।
इससे पहले वरिष्ठ मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने राज्यपाल के समक्ष प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ग्रहण की। उनके नेतृत्व में विधानसभा की प्रारंभिक कार्यवाही और अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार असम विधानसभा में किसी “मियां” समुदाय के नेता को विपक्ष का नेता बनाए जाने की चर्चा है। वाजेद अली चौधरी को विपक्ष का नेता बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस मुद्दे को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले ही यह मामला राज्य की राजनीति में प्रमुख चर्चा का विषय बन गया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

