(अपडेट) दिनभर के लिए विधानसभा से निलंबित किए गए अखिल गोगोई
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम विधानसभा में कार्यवाही के दौरान निर्दलीय (राइजर दल) विधायक अखिल गोगोई को आज दिनभर के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया।
अखिल गोगोई ने राज्य में आई बाढ़ से सबसे बुरी तरह प्रभावित ऊपरी असम के शिवसागर जिला समेत अन्य जिलों के संबंध में सभा स्थगन का प्रस्ताव पेश करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रंजीत दास से 2 मिनट का समय मांगा था। अध्यक्ष ने उन्हें 2 मिनट बोलने का समय दिया। समय बीत जाने के बाद भी काफी देर तक अखिल गोगोई से बार-बार अध्यक्ष के आग्रह करने के बावजूद नहीं बैठे।
गोगोई ने सदन में स्थगन प्रस्ताव पेश किया। उनका प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने पर वह हंगामा करने लगे। गोगोई बेहद गुस्से में अध्यक्ष पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया। इतना नहीं टेबल पर चढ़कर नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष पर समय न देने का आरोप लगाया।
अध्यक्ष दास ने कहा कि आपके (गोगोई) द्वारा मांगी गयी समय सीमा के तहत 2.40 मिनट तक बोल चुके हैं। ऐसे में पूर्व निर्धारित कार्यवाही को अब आगे बढ़ाया जाएगा। गोगोई के टेबल पर चढ़कर हंगामा करने वाले आचरण से पूरा सदन आवाक रह गया। अध्यक्ष द्वारा बार-बार शांत होने की अपील जब काम नहीं आई तो अध्यक्ष के आदेश पर मार्शल के जरिए अखिल को पूरे दिनभर के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबितर कर दिया गया।
सदन से बाहर आने के बाद अखिल गोगोई ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

