दिनभर के लिए विधानसभा से निलंबित किए गए अखिल गोगोई
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम विधानसभा में कार्यवाही के दौरान निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई को दिनभर के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया।
अखिल गोगोई ने ऊपरी असम में बाढ़ से संबंधित अपनी बात रखने के लिए अध्यक्ष रंजीत दास से 2 मिनट का समय मांगा था। अध्यक्ष ने उन्हें 2 मिनट बोलने का समय दिया। समय बीत जाने के बाद भी काफी देर तक अखिल गोगोई बार-बार अध्यक्ष के आग्रह करने के बावजूद नहीं बैठे। उन्होंने सदन में स्थगन प्रस्ताव पेश किया। उनका प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने पर वह हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्हें दिनभर के लिए निलंबित कर दिया गया।
सदन से बाहर आने के बाद अखिल गोगोई ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।
उल्लेखनीय है कि, जहां एक और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के अन्य विधायक अपने क्षेत्र में दिन-रात राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। वही सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई विधानसभा के कार्रवाई में हिस्सा लेने के लिए गुवाहाटी में है। लोग बाढ़ में डूब रहे हैं और उनके विधायक अखिल गोगोई ऐसे मौके पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

