असम विस चुनाव: ईवीएम-वीवीपैट का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न
गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा के सामान्य चुनाव 2026 के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) का प्रथम रेंडमाइजेशन राज्य के सभी 35 जिलों के अंतर्गत 126 विधानसभा क्षेत्रों में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
यह प्रक्रिया संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के कार्यालयों में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित की गई। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई और चुनाव आयोग के निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया गया।
ईवीएम और वीवीपैट का प्रथम रेंडमाइजेशन चुनाव प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण और अनिवार्य चरण है। इस प्रक्रिया के तहत ईवीएम प्रबंधन प्रणाली (ईएमएस) के माध्यम से मशीनों को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बिना पूर्व निर्धारण के यादृच्छिक रूप से आवंटित किया जाता है।
यह प्रणाली-आधारित प्रक्रिया पूर्ण निष्पक्षता सुनिश्चित करती है, किसी भी प्रकार के पक्षपात या हेरफेर की संभावना को समाप्त करती है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को और मजबूत बनाती है।
इस प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता में जन-आस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
असम का चुनाव तंत्र चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और स्थापित नियमों के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

