home page

असम विस चुनाव 2026 : चाबुवा-लाहोवाल क्षेत्र में अगप-भाजपा में रस्सा-कस्सी

 | 
असम विस चुनाव 2026 : चाबुवा-लाहोवाल क्षेत्र में अगप-भाजपा में रस्सा-कस्सी


डिब्रूगढ़ (असम), 16 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। परिसीमन के बाद नवगठित 87 नंबर चाबुवा-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी सक्रियता बढ़ गई है। क्षेत्र पुनर्निर्धारित के बाद पूर्व के चाबुवा क्षेत्र के साथ विलुप्त हुए लाहोवाल क्षेत्र का एक हिस्सा जोड़कर चाबुवा-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र का गठन किया गया है। विधानसभा चुनाव के दिन पास आते ही डिब्रूगढ़ जिले की 87 नंबर चाबुवा-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र चर्चा का केंद्र बन गया है।

उल्लेखनीय है कि, वर्तमान में लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विनोद हजारिका कर रहे हैं जबकि चाबुआ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व असम गण परिषद (अगप) विधायक पोनाकन बरुवा कर रहे हैं। दोनों नेता प्रभावी ढंग से जनता के काम कर रहे हैं। ऐसे माहौल में चाबुआ-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा या असम गण परिषद पार्टी इस बार कौन चुनाव लड़ेगी, इस पर व्यापक चर्चा है। विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र में कौन सी पार्टी उभरेगी, यह अगप-भाजपा गठबंधन ने अब तक स्पष्ट नहीं किया है, इसलिए चाबुआ-लाहोवाल क्षेत्र को लेकर भाजपा और अगप के दोनों विधायकों के बीच टकराव बढ़ना शुरू हो गया है। इस क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने के लिए दोनों नेता एक तरह से प्रतियोगिता करने में जुट गये है। वहीं दूसरी ओर, क्षेत्र में वरिष्ठ कांग्रस नेता पवन सिंह घाटोवार के पुत्र प्रांजल घाटोवार को कांग्रेस ने टिकट प्रदान किया है।

इस बीच मुख्यमंत्री के आशीर्वाद यात्रा में भाग लेने आए चाबुआ-लाहोवाल के भाजपा विधायक बिनोद हजारिका ने मोरान में मीडिया के सामने यह बताया कि इस बार भाजपा चाबुआ-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा करेगी। चाबुआ-लाहोवाल विधानसभा क्षेत्र में अगप-भाजपा में से किस दल के द्वारा उम्मीदवार उतारा जाएगा, इसे लेकर अटकलें चल रही हैं, इस बीच विधायक बिनोद हाजारिका ने कहा, चाबुआ-लाहोवाल क्षेत्र में असम गण परिषद ने टकराव किया था; लेकिन अगप भाजपा की मित्रदल है, इसलिए हम साथी के रूप में रहेंगे।

चाबुआ-लाहोवाल क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार के होने की पुष्टि हो चुकी है। वर्तमान अगप के विधायक पोनाकन बरुवा को आगामी समय में राज्यसभा के लिए भेजा जाएगा, ऐसा पहले ही मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है। यह बात अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा ने कही है। दोनों दलों की बातचीत हो चुकी है। हजारिका ने कहा है कि अब तक वे तीन बार भाजपा से विधायक रहे हैं, कभी भी पार्टी में आवेदन नहीं किया। इस बार भी पार्टी अच्छी सोच करेगी, उम्मीद है अच्छी खबर आएगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय