असम चुनावः भाजपा की 22 सीटों पर विजय, 60 पर आगे
गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश विधानसभा चुनाव 2026 के लिए साेमवार काे सुबह से जारी मतगणना के अनुसार शाम 5 बजे तक सभी 126 सीटों के रूझान एवं 25 सीटों के परिणाम घोषित हो गये हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 22 सीटें जीत चुकी है, जबकि 60 सीटों पर अपनी बढ़त बनाए हुए है। इस तरह भाजपा कुल संख्या 82 तक पहुंचती नजर आ रही है। वहीं सहयोगी पार्टी अगप एक सीट जीत चुकी है तथा 8 सीटों पर बढ़त के साथ उसके खाते में 9 सीटें आती हुई दिखाई दे रही हैं। जबकि, भाजपा की एक अन्य सहयोगी पार्टी बीपीएफ एक सीट जीत चुकी है तथा 9 सीटों पर बढ़त के साथ 10 सीटें उसके खाते में आती हुई नजर आ रही हैं।
वहीं, विपक्षी पार्टी कांग्रेस 19 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसी तरह एआईयूडीएफ एक सीट जीत चुकी है तथा एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है। राइजर दल दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जबकि, एक सीट पर टीएमसी तथा एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि, भाजपा के विजयी प्रत्याशी बड़े अंतरों से चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। इससे यह साफ हो गया है कि असम में भाजपा के सामने कांग्रेस किसी भी प्रकार की कोई चुनौती पेश करने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई। वहीं एआईयूडीएफ की बड़ी हार का कारण कांग्रेस द्वारा उसके वोटों को अपनी ओर खींचने के चलते होने का अनुमान जताया जा रहा है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

