चुनाव 26: असम में नाम वापसी का आज आखिरी दिन, साफ होगी उम्मीदवारों की तस्वीर
गुवाहाटी, 26 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा के चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम वापसी का आज अंतिम दिन है। 126 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 23 मार्च को समाप्त हो गई थी। नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो गई है। गुरूवार (26 मार्च) को नामांकन पत्र वापस लेने का दिन निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार आज शाम 3:00 बजे तक चुनाव न लड़ने वाले उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद प्रत्येक विधानसभा में चुनावों लड़ने वालों की आखिरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 126 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 815 उम्मीदवारों ने 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए। जांच के बाद 789 उम्मीदवारों के नामांकन को वैध घोषित किया गया है, जो आगामी असम विधानसभा के सामान्य चुनाव, 2026 में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
ज्ञात हो कि 23 मार्च को नामांकन पत्र जमा करने की समय सीमा समाप्त होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च मंगलवार को की गई । हालांकि 24 नं॰ बरपेटा (अनुसूचित जाति) और 65 नं॰ ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्रों की जांच अगले दिन 25 मार्च को दिन के 11:00 बजे तक स्थगित रखी गई थी। इन दोनों क्षेत्रों के नामांकन पत्रों की जांच पहले ही पूरी की जा चुकी है।
65 नंबर ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में दाखिल किए गए 10 नामांकन पत्रों में सभी को वैध घोषित किया गया है। वहीं, 24 नंबर बरपेटा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में एक नामांकन पत्र रद्द किया गया है और 3 को वैध माना गया है।
उल्लेखनीय है कि 15 मार्च को निर्वाचन आयोग ने असम विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा की थी। इसी क्रम में 16 मार्च को चुनाव का अधिसूचना जारी की गई थी। अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च थी, नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को की गई और प्रत्याशी के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च निर्धारित की गई थी। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 09 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जबकि मतगणना 04 मई को होगी और चुनाव प्रक्रिया 06 मई, 2026 से पहले पूरी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

