असम विस चुनाव 2026 : मध्य गुवाहाटी सीट से क्या विधायक रमेंद्र नारायण कलिता को मिलेगा टिकट
गुवाहाटी, 03 फरवरी (हि.स.)। आगामी असम विधानसभा चुनाव का बिगुल कभी भी बज सकता है। इस बीच राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। इस बार का विधानसभा चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि, विधानसभा क्षेत्र पुनर्गठन के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव आयोजित किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र पुनर्गठन ने कामरूप (मेट्रो) जिले के राजनीतिक समीकरण को बदल दिया है। जिले में पहले 4 विधानसभा क्षेत्र क्रमशः दिसपुर, पूब गुवाहाटी, पश्चिम गुवाहाटी और जालुकबारी क्षेत्र थे। लेकिन परिसीमन के बाद विधानसभा का स्वरूप बदलने के साथ-साथ सीटों की संख्या 5 तक बढ़ा दी गई।
नए रूप से डिमोरिया का जहां गठन हुआ है, वहीं पूर्व गुवाहाटी सीट को समाप्त कर दिया गया है। इसके बाद न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र का गठन किया गया है। इसी तरह पश्चिम गुवाहाटी विस क्षेत्र के स्थान पर मध्य (सेंट्रल) गुवाहाटी विस क्षेत्र का गठन किया गया है। जालुकबाड़ी और दिसपुर विस क्षेत्र का नाम परिसीमन के बाद भी नहीं बदले, हालांकि सीमा में परिवर्तन हुआ है।
उल्लेखनीय है कि, 36 नंबर गुवाहाटी सेंट्रल विस क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण बदल गया है। पश्चिम गुवाहाटी के वर्तमान विधायक रमेंद्र नारायण कलिता नए तरीके से बने सेंट्रल गुवाहाटी क्षेत्र में उम्मीदवारी पाएंगे या नहीं, यह भी चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा के सहयोगी दल असम गण परिषद को इस बार सेंट्रल गुवाहाटी भाजपा छोड़ देगा या नहीं, इस पर व्यापक चर्चा चल रही है। पश्चिम गुवाहाटी का 6 बार प्रतिनिधित्व कर चुके विधायक रमेंद्र नारायण कलिता इस बार सेंट्रल गुवाहाटी क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं। लेकिन सहयोगी दल भाजपा इस बार क्षेत्र को अगप को देने के बजाय अपने उम्मीदवार पर विचार कर रही है। क्योंकि भाजपा के कई नेता इस क्षेत्र से मुकाबला करना चाहते हैं।
ध्यान देने योग्य बात है कि, साल 2021 के चुनाव के समय पश्चिम गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र को अगप को छोड़ने पर भाजपा के तृणमूल कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में हर जगह विरोध किया था। इस बार भाजपा के कई नेताओं ने नए बने सेंट्रल गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्याशी बनने की आशा में सक्रियता शुरू कर दी है। वहां अगप सेंट्रल गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र को जीतता है या नहीं, यह समय ही बताएगा। यदि भाजपा ने सीट नहीं छोड़ी, तो विधायक रमेंद्र नारायण कलिता इस बार टिकट पाने से वंचित हो सकते हैं।
सेंट्रल गुवाहाटी में भाजपा के टिकट के दावेदारों में वरिष्ठ नेता विजय गुप्ता, गुवाहाटी के मेयर मृगेन शरनिया, देवान ध्रुवज्योति मरल, मुकुता डेका, जूरी शर्मा बोरदलोई, अशोक भराली, पूरबी रॉय सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं। संभावित उम्मीदवारों ने पहले ही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सभाएं और समितियां आयोजित की हैं, साथ ही मार्गों और गलियों में अपने समर्थन के प्रचार के लिए बड़े पैमाने पर बैनर और पोस्टर लगाए हैं।
लंबे समय तक प्रदेश भाजपा के समाचार संबंधी विभाग की जिम्मेदारी संभालते आ रहे ध्रुवज्योति मरल को उम्मीदवारी पाने की दौड़ में सबसे आगे बढ़ते देखा जा रहा है। हालांकि, मरल के साथ ही उम्मीदवारी पाने के लिए वरिष्ठ नेता विजय गुप्ता ने भी कड़ी मेहनत की है। इसके साथ ही जुरी शर्मा बोरदलोई और पूर्वी रॉय भी जोरदार प्रचार में उतर आई हैं।
क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद हुए 36 नंबर सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा में पूर्व के पश्चिम गुवाहाटी के अधिकांश क्षेत्र शामिल किए गए हैं। हालांकि, पश्चिम गुवाहाटी के कुछ हिस्से जालुकबारी और पूरी तरह से नए बने डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र में शामिल किये गये हैं। पश्चिम गुवाहाटी क्षेत्र के अधिकांश क्षेत्रों को शामिल करते हुए सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र बनाया गया है, हालांकि सीमाओं में व्यापक परिवर्तन किया गया है। दूसरी ओर क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद समाप्त हुए पूब गुवाहाटी क्षेत्र के कुछ हिस्से भी सेंट्रल गुवाहाटी क्षेत्र में शामिल हुए हैं।
36 नंबर सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र में गुवाहाटी नगर निगम के 16 वार्डों के कुछ हिस्से शामिल किए गए हैं। क्षेत्र में नगर निगम के 11 नंबर वार्ड के फटाशिल क्षेत्र का कुछ हिस्सा, 12 नंबर वार्ड के मीठा आमतल, आदिमगिरी, 14 नंबर वार्ड के भास्कर नगर, कालापहार, 15 नंबर वार्ड के वर्षापारा, 18 नंबर वार्ड के भरलुमुख क्षेत्र का कुछ हिस्सा, 19 नंबर वार्ड के माछखोवा, 20 नंबर वार्ड के विष्णुपुर, 21 नंबर वार्ड के रिहाबारी, 23 नंबर वार्ड के विरुबारी हिलसाइड, 25 नंबर वार्ड के विरुबारी, रूपनगर क्षेत्र का कुछ हिस्सा, 27 नंबर वार्ड के रिहाबारी, नेपाली मंदिर का कुछ हिस्सा, 28 नंबर वार्ड के छत्रीबारी, आर्य नगर, 29 नंबर वार्ड के फैंसी बाजार, 30 नंबर वार्ड के फैंसी बाजार, पानबाजार, पुलिस रिजर्व का कुछ हिस्सा, 31 नंबर वार्ड के पानबाजार के डान बास्को के पास का कुछ हिस्सा और 32 नंबर वार्ड के मणिपुरी बस्ती, उलुबारी, रिहाबारी का कुछ हिस्सा शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि, क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद 36 नंबर सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 98 हजार 91 है। इनमें पुरुष मतदाता 97,885 हैं, महिला मतदाता 1,00,202 हैं और तृतिय लिंग के 4 मतदाता हैं। क्षेत्र में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। वहीं क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 201 से बढ़ाकर 218 कर दी गई है।
2021 के चुनाव में भाजपा के सहयोगी के रूप में अगप के रमेंद्र नारायण कलिता ने 1,37,533 वोट (60 प्रतिशत) पाकर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस की मीरा बरठाकुर गोस्वामी ने 59,084 वोट (26 प्रतिशत) पाकर दूसरे स्थान पर रही। 1985 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में रमेंद्र नारायण कलिता विजयी हुए। वहीं 1991 में नतून असम गण परिषद के टिकट पर कलिता विजयी हुए वहीं 1996 में असम गण परिषद के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए।
उल्लेखनीय है कि, असम आंदोलन के बाद 1985 से तीन बार लगातार विधायक बने रमेंद्र नारायण कलिता 2001 में कांग्रेस के हेमंत तालुकदार के हाथों परास्त हुए थे। हालांकि, 2006 में रमेंद्र नारायण कलिता ने पुनः निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2011 में कांग्रेस के हेमंत तालुकदार पुनः निर्वाचित होकर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक बने। उसके बाद 2016 से निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं रमेंद्र नारायण कलिता। पश्चिम गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के विलुप्त होने के बाद नए बने सेंट्रल गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के कई संभावित उम्मीदवारों ने पहले ही सक्रियता शुरू कर दी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

