home page

असम विस चुनाव 2026: रंगिया में बदल सकता है शासकीय दल का प्रत्याशी

 | 
असम विस चुनाव 2026: रंगिया में बदल सकता है शासकीय दल का प्रत्याशी


कामरूप (असम), 28 फरवरी (हि.स.)। असम में आगामी 16वीं विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में चुनावी गतिविधियां काफी तेज हो गयी हैं। मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक एवं टिकट के दावेदार लगातार क्षेत्रों का दौरा कर जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्शाने में जुटे हुए हैं। बदले राजनीतिक माहौल में संभावित उम्मीदवारों के साथ-साथ प्रशासन में भी तत्परता शुरू हो गई है।

वर्तमान का 31 नंबर रंगिया विधानसभा क्षेत्र कामरूप जिले के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। रंगिया क्षेत्र में भी शासक और विपक्षी दल चुनावी तैयारियां शुरू कर चुके हैं। वर्तमान भाजपा सरकार के शासनकाल में हुए क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद इस बार पहली बार विधानसभा चुनाव आयोजित होने जा रहे हैं। क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद विभिन्न ऐतिहासिक मंदिर-मठ-नामघर आदि रंगिया क्षेत्र की सीमाओं में समाहित हुए हैं। इस क्षेत्र के पूर्व में नवगठित गोरेश्वर क्षेत्र, पश्चिम में नलबाड़ी और हाजो क्षेत्र, उत्तर में नवगठित तामुलपुर क्षेत्र और दक्षिण में कमलपुर क्षेत्र है।

निर्धारण के बाद इस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से गोरेश्वर और वेतना मौजा कटकर नए तामुलपुर और गोरेश्वर निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल किए गए हैं। इसके विपरीत, कमलपुर निर्वाचन क्षेत्र और हाजो निर्वाचन क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण क्षेत्र रंगिया में शामिल किए गए हैं। पहले हाजो निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत धुही, विष्णुपुर, कन्या-बरपुल्ला, बारंगहटी, शहिद सत्यनाथ, मनाहकुची-बाहाना-हदला-सेंसामुख गांव पंचायत रंगिया निर्वाचन क्षेत्र में शामिल हुए हैं। इसके अतिरिक्त, निकटवर्ती कमलपुर निर्वाचन क्षेत्र के पुठिमारी, केंदुकोना, बोरडेकेपार, आठगांव, बोर्का, सोनापुर, गुइया आदि गांव पंचायत के कई क्षेत्र रंगिया में शामिल किए गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 दिसंबर, 2025 को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची की जानकारी के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र के कुल मतदाताओं की संख्या 2,16,599 है। इनमें से 1,07,258 महिला मतदाताओं के मुकाबले 1,09,341 पुरुष मतदाता हैं। साथ ही, 621 सर्विस मतदाता हैं।

पिछले दो कार्यकालों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भवेश कलिता ने जीत प्राप्त की है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने 2016 में कांग्रेस के घनश्याम कालिता को 32,067 वोटों से अधिक प्राप्त कर जीत हासिल की थी। इसके साथ ही 2021 में सीपीएम के डॉ. भगवान देव मिश्रा को 20,220 वोटों से अधिक प्राप्त कर पुनः विधायक निर्वाचित हुए थे। हालांकि, भाजपा पर आगामी विधानसभा चुनाव में रंगिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बदलने की संभावना जतायी जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भाजपा ने रंगिया में बूथ विजय अभियान शुरू किया है।

नवगठित रंगिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पार्टी के सहयोगियों के साथ बूथ विजय अभियान में भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही इस अभियान में अक्सर प्रदेश भाजपा के सचिव रतुल शर्मा, नवदीप कलिता और जिला अध्यक्ष भास्कर कलिता को देखा गया है। इस मौके पर स्थानीय विधायक भवेश कलिता को नहीं देखा गया। अब सवाल उठ रहा है कि क्या रंगिया क्षेत्र का प्रत्याशी बदलेगा। रंगिया क्षेत्र में भवेश कलिता को हटाकर रातुल शर्मा या नवदीप कलिता भाजपा उम्मीदवार बन सकते हैं। इसे लेकर रंगिया क्षेत्र में पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच लगातार चर्चा होने लगी है।

जबकि, रंगिया सीट पर विपक्षी पार्टियों की उपस्थिति सत्ताधारी दल के मुकाबले उतनी मजबूत नहीं दिखाई देती है। बावजूद वामपंथी पार्टी सीपीएम का भी इस क्षेत्र में कुछ आधार है। ऐसे में माना जा रहा है कि फिर से एक बार गठबंधन के तहत कांग्रेस पार्टी रंगिया सीट को वामपंथी पार्टी के लिए छोड़ सकती है, हालांकि अभी इस बारे में कोई औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय