home page

असम विस चुनाव 2026 : नवगठित टिहू विस क्षेत्र में मंत्री पटवारी की बढ़ी तत्परता

 | 
असम विस चुनाव 2026 : नवगठित टिहू विस क्षेत्र में मंत्री पटवारी की बढ़ी तत्परता


बाक्सा (असम), 28 फ़रवरी (हि.स.)। असम में आगामी 16वीं विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आते ही क्षेत्रवार राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। नवगठित टिहू विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्याशी बनने की उम्मीद रखने वालों की तत्परता शुरू हो गई है।

उल्लेखनीय है कि, पूर्व के पाटाचारकुची, बरमा, धर्मपुर और बरक्षेत्री क्षेत्र के कुछ हिस्सों को मिलाकर 40 नंबर टिहू विधानसभा क्षेत्र का पुनर्गठन किया गया है।

पूर्व के पाटाचारकुची विधानसभा क्षेत्र में टिहू नगर समेत जलखाना-भटुआखाना गांव पंचायत, माखिबाहा गांव पंचायत और मथुरापुर गांव पंचायत को शामिल करते हुए और बरमा विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम नामबरभाग गांव पंचायत, पूर्व नामबरभाग गांव पंचायत और नाथकुची गांव पंचायत के साथ-साथ धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का काफी हिस्सा और बरखेत्री विधानसभा क्षेत्र का कुछ हिस्सा जोड़कर टिहू विधानसभा क्षेत्र का गठन चुनाव आयोग ने किया है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा से पूर्व मंत्री एवं बीटीसी सदस्य रेखारानी दास बोड़ो, असम फिल्म वित्त और विकास निगम के अध्यक्ष सीमांत शेखर, असम ओलंपिक समिति के सहायक सचिव त्रिनयन बर्मन, भाजपा प्रवक्ता देवजीत महंत, पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेन कलिता आदि ने पार्टी का टिकट पाने की आशा में दौड़ शुरू कर दी है।

धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के समाप्त होने के बाद इस विधानसभा से विधायक और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, भाजपा नेता चंद्रमोहन पटवारी का नवगठित टिहू विधानसभा में पूर्व धर्मपुर क्षेत्र के अलावा नए रूप से संलग्न हुए टिहू क्षेत्र के कई स्थानों की सभा-समितियों में हिस्सा लेना ध्यान देने योग्य है। हालांकि, इस मामले में भाजपा किसे पार्टी का उम्मीदवार बनाएगी, यह समय पर स्पष्ट होगा।

वहीं, असम गण परिषद (अगप) के केंद्रीय महासचिव एवं नाटककर्मी दिलीप दास ने भी दल से टिकट की उम्मीद जताई और संगठनात्मक नींव को मजबूत करने के मामले में पूरी मेहनत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आने वाले चुनाव में कुछ नए उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात पहले ही कह दी है, हालांकि भाजपा-अगप गठबंधन में होने के कारण, पार्टी किस प्रकार का कदम उठाती है, यह समय आने पर पता चलेगा।

दरअसल, नवगठित टिहू विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 2,04,441 मतदाता आगामी चुनाव में मतदान का अधिकार रखेंगे। इनमें से पुरुष मतदाता 1,04,715 हैं, महिला मतदाता 99,725 हैं और एक तृतीय लिंग का मतदाता है। चूंकि 40 नंबर का टिहू विधानसभा क्षेत्र नवगठित क्षेत्र है, इसलिए इसके निवासियों का मानना है कि केवल टिहू से जुड़े नए पीढ़ी के व्यक्ति ही चुने जाएंगे। हालांकि, निचले असम के प्रमुख व्यापारिक नगर में से एक के रूप में परिचित नलबारी जिला के टिहू क्षेत्र में कौन अंत में पार्टी का टिकट प्राप्त करेगा, यह आगामी रंगाली बिहू के बाद ही स्पष्ट होगा।

जबकि, विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इस सीट को लेकर अपनी तैयारियां तेज की हैं। हालांकि, कांग्रेस गठबंधन में शामिल अन्य पार्टियां भी अपनी दावेदारी इस सीट को लेकर पेश की हैं। इस बीच बोड़ो राजनीतिक दल भी इस सीट पर अपनी दावेदारी जता रहे हैं। परिसीमन के बाद बोड़ो इलाके के मतदाता भी इसमें काफी संख्या में शामिल हो गये हैं। ऐसे में इस बार के चुनाव में टिहू विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला काफी दिलचस्प नजर आ रहा है। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय