home page

असम विस चुनाव 2026: छमरिया विस क्षेत्र में कांग्रेस विधायक रकीबुद्दिन को कड़ी चुनौती

 | 
असम विस चुनाव 2026: छमरिया विस क्षेत्र में कांग्रेस विधायक रकीबुद्दिन को कड़ी चुनौती


कामरूप, 06 मार्च (हि.स.)। असम में आने वाले दिनों में होने वाले विधान सभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं। इसी बीच क्षेत्र पुनर्निर्धारण ने चुनावी परिदृश्य को बदल दिया है। क्षेत्र पुनर्निर्धारण के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदली गईं और कई का नाम परिवर्तन भी हुआ।

असम के नव गठित क्षेत्रों में से एक है कामरूप (ग्रामीण) जिले का छमरिया क्षेत्र। कामरूप (ग्रामीण) जिले के विस क्षेत्रों की संख्या पूर्व की तरह है, हालांकि जिले में छमरिया क्षेत्र नया बनाया गया है। जिले के क्षेत्र क्रमशः छमरिया, बोको-छयगांव (अनुसूचित जनजाति), पलाशबाड़ी, हाजो (अनुसूचित जाति), रंगिया और कमलपुर हैं। वर्तमान में चुनावी मौसम में छमरिया क्षेत्र में चुनावी सक्रियता तेज हो गई है।

उल्लेखनीय है कि, कामरूप जिले के पूर्व बोको और छयगांव को एकत्र कर एक नया चुनाव क्षेत्र छमरिया का गठन किया गया है। नवगठित 27 नंबर छमरिया में गोरैमरी और सोनतली विकास खंड के अलावा पूर्व बोको और छयगांव के बड़े क्षेत्र को शामिल किया गया है। नवगठित छमरिया से 2026 के विधानसभा चुनाव में स्थानीय उम्मीदवार को उतारने की मांग जोर पकड़ रही है।

नवगठित विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस, एआईयूडीएफ, असम गण परिषद की तरफ से व्यापक सक्रियता शुरू की गई है। उम्मीदवारिता को लेकर नवगठित छमरिया विधानसभा क्षेत्र ने वर्तमान में आकर्षक स्वरूप धारण कर लिया है। इस क्षेत्र में असम गण परिषद पूर्व के छयगांव क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे डॉ. कमलाकांत कलिता को उम्मीदवार के रूप में उतारने की तैयारी कर रही है। गगैमारी में आयोजित अगप की क्षेत्रीय बैठक में इस क्षेत्र में डॉ. कमलाकांत कलिता को पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का सुझाव दिया गया।

इस बीच चुनाव को केंद्र में रखकर छमरिया में कांग्रेस पार्टी के अंदर टिकट केंद्रित संघर्ष चल रहा है। छमरिया में कांग्रेस के दो नेताओं के नाम चर्चा में हैं। उम्मीदवार के रूप में छयगांव विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक रकीबुद्दीन अहमद और महबूब अली का नाम आगे चल रहा है। विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने इस बार रकीबुद्दीन अहमद को नहीं चुना है। बावूजूद रकीबुद्दीन का चुनाव क्षेत्र में व्यापक सक्रियता दिखाई दे रही है, वहीं कांग्रेस नेता महबूब अली की सक्रियता भी दिख रही है। कांग्रेस नेता महबूब अली दिन-रात प्रचार कार्य जारी रखे हैं। उल्लेखनीय है कि रकीबुद्दीन अहमद को टिकट न देने के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कुछ कांग्रेसियों की ओर से आह्वान किया था।

इस क्षेत्र में रकीबुद्दिन अहमद की जगह छमरिया में महबूब अली के कांग्रेस प्रत्याशी बनने की पूरी संभावना है। छमरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की स्थानीय प्रत्याशियों की मांग और कांग्रेस के आंतरिक समीकरण तथा आगामी चुनावी माहौल ने नई चर्चाओं को जन्म दिया है।

दूसरी ओर, नवगठित विधानसभा क्षेत्र में अगप-कांग्रेस के प्रत्याशी के साथ-साथ डॉ. शाहजहां अली, 10 वर्ष तक बाको विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाली नंदिता दास, ज्योति प्रसाद दास, पूर्व विधायक गोपीनाथ दास के अलावा युवा नेता के रूप में अधिवक्ता अमान ओवादुद भी इस क्षेत्र से चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय