असम विस चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, युवाओं और महिलाओं की रही अहम भूमिका
गुवाहाटी, 10 अप्रैल (हि.स.)। असम में गुरुवार को आयोजित विधानसभा चुनाव में लगभग 86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनावों की तुलना में अधिक है। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने गुवाहाटी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस बार चुनाव में परिचित मतदाताओं की भागीदारी अधिक रही, जिसमें युवाओं और महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि इस बार लगभग 72 लाख मतदाता 30 वर्ष से कम आयु के थे, जिनमें करीब सात लाख मतदाताओं ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने युवाओं के उत्साह और जिम्मेदारी की भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
दिलीप सैकिया ने महिला मतदाताओं की बड़ी भागीदारी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के चुनावी इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने राज्य के लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत किया है और इसके लिए उन्होंने सभी महिलाओं का धन्यवाद् किया।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 85 वर्ष से अधिक आयु के कई मतदाताओं ने घर से मतदान की सुविधा का लाभ उठाया, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के अनेक लोग मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बढ़ा हुआ मतदान प्रतिशत यह दर्शाता है कि लोगों का लोकतंत्र में गहरा विश्वास है। सैकिया ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन अपेक्षा से अधिक सीटें हासिल करेगा और राज्य में सरकार बनाना लगभग तय है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

