home page

चुनाव 26: मुख्यमंत्री को कमजोर करने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी - पीयूष हजारिका

 | 
चुनाव 26: मुख्यमंत्री को कमजोर करने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी - पीयूष हजारिका


गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका ने शुक्रवार को एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि वह पिछले 20 वर्षों से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कभी सफलता नहीं मिली।

हजारिका ने कहा कि अजमल के सभी प्रयास विफल रहे हैं और आगे भी विफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि असम में कोई भी “बांग्लादेशी तत्व” मुख्यमंत्री का कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

उन्होंने कहा कि असम की जनता अजमल को करारा जवाब देगी। हजारिका ने आरोप लगाया कि अजमल समय-समय पर अलग-अलग राजनीतिक दलों, विशेषकर कांग्रेस, के साथ मिलकर मुख्यमंत्री के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश करते रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि अजमल की यह रणनीति पहले भी नाकाम रही है और भविष्य में भी जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। हजारिका एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश