home page

असम के लोग विकास का समर्थन एवं अवैध प्रवासन के विरूद्ध : पीयूष हजारिका

 | 
असम के लोग विकास का समर्थन एवं अवैध प्रवासन के विरूद्ध : पीयूष हजारिका


मोरीगांव (असम), 09 अप्रैल (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री एवं जागीरोड विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार पीयूष हजारिका ने गुरुवार को ज़ोर देकर कहा कि असम के लोग विकास का समर्थन करते हैं और अवैध प्रवासन के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं।

मतदान करने पहुंचे पीयूष हजारिका ने मीडिया से बातचीत में कहा कि असमिया मुसलमानों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और उन्हें अवैध प्रवासियों से अलग बताया। उन्होंने कहा कि हम असमिया मुसलमानों के समर्थन में हैं। जो लोग बांग्लादेश से अवैध रूप से आए हैं, हम उनके खिलाफ हैं और मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने आगे कहा कि मैं असम के लोगों से अनुरोध करना चाहूंगा कि वे आगे आएं और विकास के लिए वोट दें।

हजारिका ने दावा किया कि राज्य में जनता की भावना अवैध प्रवासन के सख्त खिलाफ है और इसका असर कांग्रेस पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि असम के लोग बांग्लादेशियों, घुसपैठियों और अवैध प्रवासियों के खिलाफ हैं, यही कारण है कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलेंगे। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कांग्रेस पर गलत तरीकों से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को प्रभावित करने के लिए पैसे और शराब बांटना कांग्रेस की पुरानी आदत है। उन्होंने आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी से और भी लोगों के पार्टी छोड़ने की भविष्यवाणी भी की।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को निशाना बनाते हुए हजारिका ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के परिवार के खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया। हजारिका ने कहा कि पवन खेड़ा एक बेकार आदमी है। उसके दावे झूठे निकले। उसमें वर्तनी की गलतियां थीं, एक जगह 'Sharma' लिखा था और दूसरी जगह 'Sarma'। जब हमने उससे सवाल किया, तो वह असम छोड़कर भाग गया। अगर उसके आरोप सच होते, तो उसे असम में ही रुकना चाहिए था।

भाजपा के विकास के एजेंडे पर ज़ोर देते हुए उन्होंने टिप्पणी की कि असम में विकास का मतलब है हिमंत बिस्व सरमा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और राज्य की प्रगति का श्रेय उनके नेतृत्व को दिया। 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के लिए गुरुवार की सुबह 7 बजे से मतदान जारी है जो शाम 5 बजे तक चलेगा। अधिकारी मतदाताओं से शांति बनाए रखने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का ज़िम्मेदारी से प्रयोग करने का आग्रह कर रहे हैं। वोटों की गिनती 4 मई को होनी है। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय