home page

असम विधानसभा चुनाव-2026: नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू, 9 अप्रैल को होगा मतदान

 | 
असम विधानसभा चुनाव-2026: नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू, 9 अप्रैल को होगा मतदान


गुवाहाटी, 16 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने सोमवार को घोषणा की कि आगामी असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है और 23 मार्च तक जारी रहेगी। उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र संबंधित उपायुक्तों के कार्यालयों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच जमा कर सकेंगे।

अनुराग गोयल ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह के साथ जनता भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चुनाव तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च तय की गई है। चुनाव प्रचार 7 अप्रैल को शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा और मतदान 9 अप्रैल को होगा।

अनुराग गोयल ने बताया कि असम में कुल 2,50,21,413 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,25,16,591 पुरुष और 1,25,04,501 महिला मतदाता हैं। महिला मतदाताओं की हिस्सेदारी 49.97 प्रतिशत है, जबकि तृतीय लिंग श्रेणी के 321 मतदाता भी पंजीकृत हैं।

आयोग के अनुसार 6,28,093 मतदाता 18-19 वर्ष आयु वर्ग के हैं, जबकि 2,482 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए राज्यभर में 31,486 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दलगांव में सबसे अधिक 3,17,110 मतदाता हैं, जबकि अमरी में सबसे कम 1,00,494 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

मतदान केंद्रों की संख्या के लिहाज से मानकाचर में सबसे अधिक 402 मतदान केंद्र हैं, जबकि दोतोमा में सबसे कम 146 केंद्र बनाए गए हैं।

चुनाव आयोग ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरे राज्य में पुलिस बलों की करीब 200 कंपनियां तैनात की जाएंगी। राज्य और जिला सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी और चुनाव अवधि के दौरान सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी।

आयोग ने लाइसेंस प्राप्त हथियार धारकों को अपने हथियार पुलिस के पास जमा कराने का निर्देश दिया है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कई निगरानी तंत्र भी लागू किए गए हैं। एआई से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो से संबंधित शिकायतें विशेष हेल्पलाइन नंबर 6026900682 पर दर्ज कराई जा सकती हैं।

इसके अलावा नागरिकों को बिना किसी वैध कारण के 15,000 रुपये से अधिक नकद अपने पास न रखने की सलाह दी गई है। यदि 10 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त होता है, तो उसकी जांच आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी और 134 सीमा चेक पोस्ट पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। चुनाव से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात किए जाएंगे।

आयोग ने यह भी बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें दिखाई जाएंगी, ताकि मतदाता उन्हें आसानी से पहचान सकें। मतदान की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए वोटिंग कंपार्टमेंट के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय