असम विस चुनाव 2026: नदुआर विस में भाजपा के पद्म हज़ारिका की स्थिति मजबूत
शोणितपुर (असम), 22 मार्च (हिस.)। असम विधानसभा चुनाव की सरगर्मी पूरे राज्य में जोर पकड़ चुका है। इस कड़ी में शोणितपुर जिले के प्रमुख क्षेत्र भाजपा के गढ़ के रूप में प्रसिद्ध पहले के सतिया एवं वर्तमान नदुआर क्षेत्र में भी चुनावी हवा बह रही है। वर्ष 2024 में क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद सतिया का नाम बदलकर 69 नंबर नदुआर विधानसभा क्षेत्र के रूप में पुनर्नामित किया गया है। पिछले पांच कार्यकालों में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पद्म हजारिका कर रहे हैं। भाजपा के मजबूत गढ़ के रूप में मानी जाने वाली नदुआर में कांग्रेस भी चुनौती देने की कोशिश कर रही है।
शोणितपुर जिले के प्रमुख भाजपा कोर किले के रूप में जाना जाने वाले निर्वाचन क्षेत्र में 1996 से पद्म हज़ारिका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जनता के बीच व्यापक संपर्क बनाए रखने वाले पद्म हज़ारिका के कामकाज से मतदाताओं ने संतोष व्यक्त किया है। समांतर रूप से विकासात्मक कार्यों के लिए इस बार यह क्षेत्र भाजपा के कब्जे में होने का दावा कर रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा में रात 12 बजे तक जनता की भारी उपस्थिति ने जनप्रतिनिधि की व्यापक लोकप्रियता को दर्शाया। भाजपा का प्रभाव होने के बावजूद कांग्रेस दल भी इस बार अपनी पूरी शक्ति लगाकर इस क्षेत्र को अपने कब्जे में लेने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस में लगभग 16 लोग इस क्षेत्र की प्रत्याशा दौड़ में देखे गये। हालांकि, कांग्रेस ने नदुआर से सुनील छेत्री को अपना प्रत्याशी बनाया है। बताया जाता है कि ऑल गोरखा छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष सुनील छेत्री कांग्रेस के पैरासूट लैंडिग उम्मीदवार हैं।
उल्लेखनीय है कि, असम की 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र नदुआर विधानसभा क्षेत्र है। यह क्षेत्र जीया भराली नदी के पूर्व और महानदी ब्रह्मपुत्र के उत्तर तट पर स्थित अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास है। मिश्रित मतदाताओं के होने के साथ ही इसमें दो चाय बागानों के मतदाता भी हैं।
नदुआर विधानसभा क्षेत्र में 2024 के निर्वाचन क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव आयोजित होने जा रहा है। इस पुनर्निर्धारण के बाद पूर्व के सतिया क्षेत्र के कुछ मतदान वाले हिस्से रंगापारा विधानसभा में और कुछ मतदाता बिश्वनाथ विधानसभा में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा तेजपुर क्षेत्र के पांचमाइल और राजगढ़ पंचायत नदुआर विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो गए हैं। रंगापारा विधानसभा क्षेत्र के उदमारी और सामधरा पंचायत नदुआर विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो गए हैं। इसी तरह पूर्व के नदुआर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व नागशंकर पंचायत बिश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो गई है।
क्षेत्र के कुल मतदाता 2,10,640 हैं। वर्तमान में क्षेत्र में पुरुष मतदाता 1,05,522 और महिला मतदाता 1,04,478 की संख्या है। जनसंख्या के अनुसार मतदाता के रूप में असमिया मतदाता 68,892 हैं, अल्पसंख्यक मतदाता 46,264 हैं, तीसरे स्थान पर 33,367 मतदाता के साथ गोरखा हैं, चाय जनजाति के मतदाता लगभग 23 हजार हैं, बोड़ो मतदाता लगभग 11 हजार हैं, बंगाली मतदाता लगभग 13,129 हैं, मिसिंग मतदाता लगभग 8 हजार हैं और अन्य मतदाता लगभग 6 हजार हैं।
उल्लेखनीय है कि, असम आंदोलन के बाद 1985 में असम गण परिषद (अगप) के प्रत्याशी रबीन सैकिया की जीत विधानसभा की राजनीति में एक असाधारण अध्याय के रूप में चिह्नित होती है। 1991 में फिर से कांग्रेस के कुशल साहू ने विधानसभा पर कब्जा कर लिया। इसके बाद के समय में 1996 से विधानसभा में पद्म हजारिका की राजनीतिक यात्रा शुरू होती है। उन्होंने 1996, 2006 और 2011 में असम गण परिषद के प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की। इसके बाद 2016 में वर्तमान विधायक पद्म हजारिका भाजपा में शामिल हो गये और विजयी होते हैं। 2021 की विधानसभा चुनावों में पद्म हजारिका ने भाजपा के प्रत्याशी के रूप में लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर विधानसभा क्षेत्र में अपना प्रभाव कायम रखा।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

