home page

असम विस चुनाव : माजुली विस क्षेत्र में भाजपा की स्थिति मजबूत

 | 
असम विस चुनाव : माजुली विस क्षेत्र में भाजपा की स्थिति मजबूत


माजुली (असम), 19 मार्च (हि.स.)। आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में एक चरण में मतदान आगामी 9 अप्रैल को होगा तथा मतों की गिनती 4 मई को होगी। इसी कड़ी में 98 नंबर माजुली विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं। माजुली विश्व के सबसे बड़े नदी दीप जिला है। यह भू-भूकान देश के विशाल नदी ब्रह्मपुत्र के बीचों-बीच स्थित है।

माजुली विधानसभा क्षेत्र इस बार अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित है। वर्तमान में माजुली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भुवन गाम कर रहे हैं। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा प्रतिनिधित्व की गई माजुली को लेकर इस बार भाजपा गठबंधन में शामिल असम गण परिषद (अगप)-भाजपा के बीच काफी खींचतान देखी गयी।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के माजुली में भाजपा के उम्मीदवार उतारे जाने की घोषणा के बाद भी अगप ने इस क्षेत्र को लेकर अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी थी। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रतिस्पर्धा करने के लक्ष्य से अगप के कार्यकर्ताओं ने व्यापक सक्रियता दिखाई। वहीं, भाजपा भी माजुली क्षेत्र को नहीं छोड़ना चाहती थी। ऐसी स्थिति में नदी द्वीप माजुली विधानसभा क्षेत्र गठबंधन पार्टी भाजपा-अगप के बीच आकर्षक बन गयी थी। अंततः आज भाजपा ने भुवन गाम को अपने उम्मीदवार के रूप में माजुली से उतार दिया है।

उल्लेखनीय है कि, राज्य की 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से माजुली विधानसभा क्षेत्र भी एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। क्योंकि, इसी क्षेत्र से विजयी होकर सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री पद पर आसीन हो चुके हैं। वर्तमान में शासक गठबंधन भाजपा और अगप के बीच माजुली क्षेत्र से मुकाबला करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद भी देखा गया। क्षेत्रीय दल अगप ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को चुनाव में मुकाबला करने के उद्देश्य से चुनावी काम-काज चलाने को कहा था। इसके समानांतर अगप का केंद्रीय नेतृत्व भी इस बार माजुली क्षेत्र से अपना उम्मीदवार खड़ा करने के लिए प्रयासरत दिखा।

इस क्षेत्र से अगप की ओर से मिसिंग समुदाय के नेता ब्रजेन गाम को प्रत्याशी के रूप में आगे बढ़ाया गया था। ब्रजेन गाम माजुली के वर्तमान विधायक भुवन गाम के भाई हैं। हालांकि, अंत समय में सत्तारूढ़ दल भुवन गाम को अपना प्रत्याशी बना दिया है। वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से माजुली विधानसभा क्षेत्र में इंद्रनील पेगु को प्रत्याशी बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि, मतदाताओं के अनुसार माजुलीवासियों को ऐसे एक प्रतिनिधि की आवश्यकता है जो माजुली के समग्र विकास को आगे बढ़ा सके। साथ ही माजुली के लोगों के बीच रहकर माजुली की समस्याओं को सुलझा सकने वाला विधायक लोगों को चाहिए। समग्र रूप से देखने पर, सड़क-घाट, पुल और महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से माजुली के विकास का एक नया अध्याय शुरू हुआ है; लेकिन इस क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मूलभूत विषयों पर सरकार यदि वास्तविक कदम नहीं उठाती है, तो ऐतिहासिक नदी द्वीप माजुली का वास्तविक विकास अधूरा रह जाएगा।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय