असम चुनाव 2026 : अब पांचवीं के विद्यार्थियों को भी मिलेगी साइकिल - मुख्यमंत्री
होजाई (असम), 25 मार्च (हि.स.)। होजाई जिलांतर्गत लंका में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर चुनाव प्रचार चलाया। उन्होंने कहा क फिर से राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर असम में दो लाख नौकरियां दी जाएंगी, न्युत बाबू, न्युत मोइना योजना का धन बढ़ाये जाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब साइकिल आठवीं कक्षा के बजाय पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी। साथ ही कहा कि सभी छात्र-छात्राओं के शिक्षा पर जोर दिया जाएगा। व्यवसाय करने की चाहत रखने वाले 10 लाख युवाओं को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
लामडिंग निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार शिबू मिश्रा के लिए लंका क्रीड़ा संस्था के खेल मैदान में आयोजित विजय संकल्प सभा में भाग लिया। चुनावी सभा में मुख्यमंत्री डॉ, सरमा ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार को असम में बनाने के लिए सभी लोगों से प्रचार चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आगामी 5 या 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हजाई में चुनावी प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री ने स्वच्छ तरीके से मिली नौकरी, विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए असम के युवाओं, युवतियों और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की बात का अपनी सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि दस हजार रुपए पाने वाली महिलाओं को 25 हजार रुपए दिए जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इन योजनाओं को नहीं चला सकती, कांग्रेस केवल लुंगी और मच्छरदानी दे सकती है। कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रतीक चिह्न लुंगी ही होना चाहिए। इस बीच अरुणोदय योजना के तहत 18 हजार रुपये महिलाओं को दिए जाने की घोषणा की। वहीं राज्य में 15 लाख सरकारी घर दिए जाने का भी ऐलान किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की शांति के लिए राज्य में फिर से भाजपा की सरकार लानी पड़ेगी। उन्होंने लंका महाविद्यालय में विज्ञान शाखा का शुभारंभ करने, लंका में ऑडिटोरियम बनवाने, काकी और लंका में दो स्टेडियम बनवाने, लंका-काकी में जिन लोगों को भूमि का पट्टा नहीं मिला है उन्हें भी भूमि का पट्टा दिये जाने की भी घोषणा किया।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य चुनावी सभा में हिस्सा लेते हुए होजाई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में भारी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। होजाई में आयोजित विजय संकल्प सभा में आम जनता के अभूतपूर्व उत्साह और समर्थन को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार शिलादित्य देव को आशीर्वाद देने के लिए भारी संख्या में घरों से बाहर आए लोगों की इस तस्वीर ने स्पष्ट रूप से दिखाया है कि होजाई की जनता हमेशा भाजपा के पक्ष में रहेगी।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

