असम विस चुनाव के लिए ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी
गुवाहाटी, 21 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग ने असम में आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम चरण की रैंडमाइजेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। चुनाव आयोग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मशीनों की सूची तैयार कर राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है।
उल्लेखनीय है कि, असम विधानसभा के आम चुनाव की घोषणा 15 मार्च, 2026 को की गई थी। चुनाव प्रक्रिया के तहत पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का आवंटन दो चरणों की रैंडमाइजेशनज प्रणाली के माध्यम से किया जाता है।
प्रथम चरण में जिला स्तर के गोदामों से ईवीएम को विधानसभा क्षेत्रों में आवंटित किया जाता है, जबकि दूसरे चरण में इन्हें संबंधित मतदान केंद्रों में वितरित किया जाता है। यह पूरी प्रक्रिया प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के बाद जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जाती है।
आयोग ने बताया कि असम के साथ-साथ नगालैंड और त्रिपुरा में होने वाले उपचुनावों के लिए भी प्रथम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान निर्धारित है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह प्रक्रिया ईवीएम प्रबंधन प्रणाली (ईएमएस) के माध्यम से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। रैंडमाइजेशन के बाद तैयार की गई निर्वाचन क्षेत्रवार सूची संबंधित जिला मुख्यालयों में इन प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई है।
आयोग ने कहा कि अब इन मशीनों को विधानसभा क्षेत्रवार निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निगरानी में सुरक्षित रखा जाएगा। उम्मीदवारों के अंतिम रूप से तय होने के बाद प्रथम और द्वितीय चरण की रैंडमाइजेशन सूची सभी प्रत्याशियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

