चुनाव आयोग ने किये डीडी और आकाशवाणी पर मुफ्त प्रसारण के लिए डिजिटल वाउचर आवंटित
गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग ने आसन्न विधानसभा चुनावों को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को दूरदर्शन और आल इंडिया रेडियो पर मुफ्त प्रसारण और टेलीकास्ट समय आवंटित करने के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपल्स एक्ट, 1951 की धारा 39ए के तहत असम में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सभी मान्यता प्राप्त दलों को अपने आईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल टाइम वाउचर जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, प्रसारण और टेलीकास्ट की अवधि प्रत्येक चरण में उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित होने की तिथि से शुरू होकर मतदान से दो दिन पहले तक जारी रहेगी। कार्यक्रमों का समय निर्धारण राज्य/केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस योजना के तहत प्रत्येक मान्यता प्राप्त दल को दूरदर्शन और आकाशवाणी के क्षेत्रीय नेटवर्क पर 45 मिनट का आधार समय मुफ्त में दिया गया है। इसके अलावा, पिछले विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन के आधार पर दलों को अतिरिक्त समय भी आवंटित किया जाएगा।
राजनीतिक दलों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने कार्यक्रमों की स्क्रिप्ट और रिकॉर्डिंग पहले से जमा करें। रिकॉर्डिंग प्रसार भारती द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप स्टूडियो या डीडी/आकाशवाणी केंद्रों में तैयार की जा सकती है।
इसके अतिरिक्त, प्रसार भारती द्वारा दूरदर्शन और आकाशवाणी पर अधिकतम दो पैनल चर्चा या बहस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पात्र राजनीतिक दल एक-एक प्रतिनिधि नामित कर सकेगा। इन कार्यक्रमों का संचालन अनुमोदित समन्वयक द्वारा किया जाएगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

