असम विस चुनाव 2026 : दुलियाजान में सांसद रमेश्वर तेली और ध्रुव गोगोई के बीच मुकाबला
डिब्रूगढ़ (असम), 13 मार्च (हि. स.)। असम में आगामी विधानसभा चुनाव का समय करीब आने के साथ ही राज्य में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। औद्योगिक जिला के रूप में प्रसिद्ध डिब्रूगढ़ जिले के छह क्षेत्रों में से एक 90 नंबर दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र की चुनावी तस्वीर लगभग स्पष्ट हो गई है। इस क्षेत्र में सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूत जनाधार है।
दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र से इस बार भाजपा के उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा से कार्यकाल समाप्त होने वाले सांसद रमेश्वर तेली का होना लगभग तय माना जा रहा है। सांसद रमेश्वर तेली दुलियाजान क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मुकाबला कर सकते हैं। इसकी घोषणा पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कर दी है। हालांकि, औपचारिक रूप से इसकी घोषणा होनी बाकी है।
उल्लेखनीय है कि, इस क्षेत्र के वर्तमान विधायक तेरेस गोवाला को भाजपा ने राज्यसभा के चुनाव के लिए उम्मीदवार बना दिया। ज्ञात हो कि, भाजपा की ओर से राज्य की तीन राज्यसभा सीटों के लिए उतारे गये उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीत गये हैं। कारण विपक्ष ने अपना उम्मीदवार ही नहीं उतारा था। ऐसे में दुलियाजान क्षेत्र में नया उम्मीदवार उतारने की योजना पर असम प्रदेश भाजपा विचार कर रही है। उसी के अनुसार दुलियाजान क्षेत्र में रामेश्वर तेली को आगे बढ़ाया जा रहा है। दूसरी ओर, चाय उत्पादक क्षेत्र में कांग्रेस का भी अपना जनाधार है। इस बार दुलियाजान क्षेत्र में कांग्रेस ने युवा नेता ध्रुवज्योति गोगोई को उम्मीदवार के रूप में उतारा है। ऐसा अनुमान है कि इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच दुलियाजान क्षेत्र में काफी आकर्षक लड़ाई होगी।
ज्ञात हो कि विधानसभा क्षेत्र पुनर्निर्धारण ने डिब्रूगढ़ जिले के अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों की रूपरेखा बदल दी। वहीं लाहोवाल नामक क्षेत्र को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया। क्षेत्र पुनर्निर्धारण का प्रभाव दुलियाजान क्षेत्र पर विशेष नहीं पड़ा है। दुलियाजान क्षेत्र में रंगचंगी गांव पंचायत को चाबुआ-लाहोवाल क्षेत्र से हटाकर शामिल किया गया है, इसके विपरीत दुलियाजान क्षेत्र से उषापुर गांव पंचायत बाहर कर दिया गया है। दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 1,76,624 है। इसमें से 85,443 पुरुष मतदाता, 91,178 महिला मतदाता और 3 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
दुलियाजान निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान भाजपा विधायक तेरेस गोवाला हैं। गत 2016 के बाद से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में तेरेस गोवाला दूसरी बार दुलियाजान के विधायक बनने का गौरव अर्जित करके दुलियाजान निर्वाचन क्षेत्र के विधायक का कर्तव्य निभा रहे हैं। इस बार गोवाला भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के सांसद के रूप में निर्वाचित हुए हैं।
दुलीयाजान विधानसभा क्षेत्र के चुनावी इतिहास के अनुसार इस क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के विधायक नेतृत्व करते रहे हैं। असम आंदोलन के बाद 1985 से 1996 तक लगातार तीन बार कांग्रेस पार्टी से अमिया गोगोई विधायक निर्वाचित हुए। दूसरी ओर 2001 से 2006 तक भाजपा से रामेश्वर तेली इस विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए, इसके विपरीत 2011 में पुनः कांग्रेस पार्टी के अमिया गोगोई निर्वाचित हुए। इस बीच 2016 से वर्तमान तक भाजपा के तेरेस गोवाला इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

