असम विधानसभा चुनाव में हुई हार के बाद प्रदेश कांग्रेस की समीक्षा बैठक 9 मई काे
गुवाहाटी, 07 मई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने आगामी 9 मई को अपनी जिला इकाइयों की एक अहम समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक का उद्देश्य हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का आकलन करना है, जहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को एक बड़ा झटका लगा था।
एपीसीसी के महासचिव (संगठन) रमेन बरुवा ने एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें संबंधित पार्टी नेताओं को बैठक के लिए गुवाहाटी में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। सर्कुलर के अनुसार, एपीसीसी के सभी पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, प्रभारी अध्यक्षों और वरिष्ठ उपाध्यक्षों को इस समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।
सर्कुलर में कहा गया है कि इस बैठक में असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों पर चर्चा की जाएगी। इसमें यह भी बताया गया है कि पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी प्रदर्शन की गहन समीक्षा की जाएगी। कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा में केवल 21 सीटें, जिसमें कांग्रेस 19 और राइजर दल 2 सीटें ही जीत सका, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 102 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज की।
इस बीच, असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बीते मंगलवार को कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ एक वर्चुअल बातचीत की। इस बातचीत का मकसद उम्मीदवारों से फीडबैक लेना और चुनाव नतीजों पर चर्चा करना था।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

