home page

असम में ऐतिहासिक मतदान, 4 मई को मतगणना : सीईओ अनुराग गोयल

 | 
असम में ऐतिहासिक मतदान, 4 मई को मतगणना : सीईओ अनुराग गोयल


गुवाहाटी, 29 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने जनता भवन में आयोजित एक संवाददाता में मतगणना की तैयारियों को लेकर बुधवार काे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव 30-35 वर्षों में सबसे अधिक मतदान दर्ज होने के कारण ऐतिहासिक रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे और 2.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने उनके भाग्य का फैसला किया। राज्यभर के 31,486 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया, जिनमें सभी पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध थी। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 1,51,132 मतदानकर्मियों के साथ पुलिस और सीआरपीएफ बलों की तैनाती की गई थी।

उन्होंने बताया कि 722 उम्मीदवारों में 663 पुरुष और 59 महिलाएं हैं। प्रारंभ में 815 उम्मीदवारों ने 126 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के बाद 789 उम्मीदवार पात्र पाए गए, जिनमें से 67 ने नाम वापस ले लिये थे, जिससे अंतिम रूप से 722 उम्मीदवार मैदान में रहे।

राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 2,50,54,463 है, जिसमें 1,25,31,552 पुरुष, 1,25,22,593 महिला और 318 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 63,423 सेवा मतदाता भी हैं। मतदाताओं में 6,42,314 युवा आयु वर्ग के हैं, जबकि 2,50,006 मतदाता अन्य आयु वर्ग के हैं और 2,05,085 दिव्यांग मतदाता हैं।

दलगांव विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 3,17,110 मतदाता हैं, जबकि अमेरी में सबसे कम 1,00,494 मतदाता दर्ज किए गए हैं। कुल 126 सीटों में से 98 सामान्य, 9 अनुसूचित जाति और 19 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

अलगापुर-काटलीचेरा और दक्षिण करीमगंज सीटों पर सर्वाधिक 15-15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि रंगिया, जागीरोड (एससी), होजाई, नदुआ, जोनाई (एसटी), दुमदुमा, माहमारा, थावरा और लखीमपुर सहित नौ सीटों पर केवल दो-दो उम्मीदवार हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतगणना के बाद किसी भी दल या प्रत्याशी को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना 4 मई को होगी, जबकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश