home page

असम विस चुनाव : श्रीभूमि के बदरपुर में कार से करीब 8 लाख नकद बरामद

 | 
असम विस चुनाव : श्रीभूमि के बदरपुर में कार से करीब 8 लाख नकद बरामद


श्रीभूमि (असम), 25 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर श्रीभूमि जिला के बदरपुर में फ्लाइंग स्क्वॉड और बदरपुर पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकद धन जब्त करने की घटना प्रकाश में आई है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया है कि बदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बदरपुर पेट्रोल पंप के सामने चलाए गए इस अभियान में एक कार (एएस-10बी-0441) से लगभग 7,99,500 रुपये बरामद किए गए। सूत्रों ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने बदरपुर पुलिस के सहयोग से इलाके में नियमित रूप से छापेमारी और तस्करी पर नजर रखना शुरू किया है।

निर्वाचन नियमों के अनुसार संदिग्ध वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बदरपुर की ओर जा रही एक कार को रोका और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर से लगभग 7,99,500 नकद बरामद किया है। घटना स्थल पर उपस्थित फ्लाइंग स्क्वॉड के जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि जब गाड़ी में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने दावा किया कि यह धन कछार जिले के चौरंगी बारूणी मेला से श्रीभूमि ले जाया जा रहा था। लेकिन वे इतनी बड़े मात्रा में नकद धन ले जाने के लिए किसी वैध दस्तावेज़ या प्रमाण को नहीं दिखा सके, इसलिए चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरे धन को जब्त कर लिया गया।

ज्ञात हो कि जिम्मेदार अधिकारी ने उल्लेख किया कि फ्लाइंग स्क्वॉड और श्रीभूमि पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल में स्वच्छ और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय