home page

(संशोधित) असम विधानसभा चुनाव: अखिल गोगोई ने कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची पर उठाए सवाल

 | 
(संशोधित) असम विधानसभा चुनाव: अखिल गोगोई ने कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची पर उठाए सवाल


नोट: यह खबर पार्टी के नाम में बदलाव के बाद फिर से जारी की गई है।

गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। असम में प्रस्तावित 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच शिवसागर के विधायक और राइजर दल के प्रमुख अखिल गोगोई ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली सूची पर आपत्ति जताई है। उनके बयान के बाद विपक्षी खेमे में संभावित दरार की चर्चा तेज हो गई है।

दरअसल, बीते कल (मंगलवार को) असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिल गोगोई ने कहा कि राइजर दल के साथ सीट-शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी थी, इसके बावजूद कांग्रेस की ओर से एकतरफा उम्मीदवारों की घोषणा करना “दुर्भाग्यपूर्ण” और “असंवैधानिक” कदम है।

गोगोई ने कहा, “जब गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी, तब कांग्रेस को इस तरह एकतरफा सूची जारी नहीं करनी चाहिए थी। इससे भरोसे को ठेस पहुंची है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम विपक्षी एकता के लिए सही संकेत नहीं है।

राजनीतिक विश्लेषकों का भी मानना है कि यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब राज्य में अप्रैल के आसपास विधानसभा चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक आधिकारिक तिथियों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर असहमति भाजपा विरोधी गठबंधन की संभावनाओं को प्रभावित कर सकती है।

दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि राइजर दल के साथ अभी कोई औपचारिक गठबंधन नहीं हुआ है, हालांकि बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है, इसलिए पार्टी ने अपनी रणनीति के तहत उम्मीदवारों की घोषणा की है।

कांग्रेस के नेताओं ने यह भी बताया कि असम जातीय परिषद (एजेपी) के साथ समझौता हुआ है, जिससे संकेत मिलता है कि चुनिंदा क्षेत्रों में गठबंधन आधारित रणनीति अपनाई जा रही है।

असम की राजनीति में इस घटनाक्रम को अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में राइजर दल और कांग्रेस के बीच बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या विपक्षी एकता कायम रह पाती है या नहीं।------

हिन्दुस्थान समाचार