असम विस चुनाव 2026: न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवारी के लिए पेश की युवाओं ने दावेदारी
गुवाहाटी, 02 मार्च (हि.स.)। असम में आगामी विधानसभा चुनाव का समय लगातार करीब आने के साथ ही क्षेत्रवार राजनीतिक सरगर्मी शुरू हो गई है। असम के इतिहास में इस बार के चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2026 के विधानसभा चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि निर्वाचन क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव आयोजित होने जा रहा है। निर्वाचन क्षेत्र पुनर्निर्धारण में कई निर्वाचन क्षेत्रों का विलुप्त होना और कई नए निर्वाचन क्षेत्रों का बनना शामिल है। कामरूप (मेट्रो) जिले में पहले 4 विधानसभा क्षेत्र थे - दिसपुर, पूर्व गुवाहाटी, पश्चिम गुवाहाटी और जालुकबाड़ी। लेकिन निर्वाचन क्षेत्र पुनर्निर्धारण के बाद उनका स्वरूप बदल गया और जिले में विधानसभा क्षेत्रों की संख्या 5 हो गई। नया बनाया गया निर्वाचन क्षेत्र डिमोरिया है और यह अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वहीं पूर्व गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र समाप्त हो गया और न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र बन गया।
राज्य के अन्य हिस्सों के समान कामरूप (मेट्रो) जिले के अंतर्गत 35 नंबर न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों ने व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न दलों ने पूर्ण तैयारी के साथ योजनाबद्ध तरीके से चुनावी लड़ाई के लिए तैयारियां कर ली हैं, हालांकि अभी तक प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट नहीं हुई है। इसका परिणाम यह है कि प्रत्याशी उत्सुकता के बीच लोगों के बीच जाकर चुनावी सक्रियता दिखा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, पूर्व के पूब गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र को विभाजित कर और निर्वाचन क्षेत्र को पुनर्निर्धारित करने के आधार पर न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र का गठन किया गया है। राज्य का एकमात्र शहरी निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण पूब गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र की जगह नई तरह से न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र बनाया गया। हालांकि, पूर्व के पूब गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के आधार पर न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र बनाया गया है। लेकिन कई क्षेत्र निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निर्धारण के बाद जालुकबाड़ी और सेंट्रल गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत चले गए।
पूर्व गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र ने गुवाहाटी के एक महत्वपूर्ण भाग को अपने समेटा था। 35 नंबर न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के 17 वार्डों का क्षेत्र शामिल किया गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र में नगर निगम के 33 नंबर वार्ड के सोलापारा, पलटनबजार, आमबाड़ी, लेम्बरोड, लताशील, 34 नंबर वार्ड के उजानबजार, 35 नंबर वार्ड के चेनिकुठी, हॅपीविला, 36 नंबर वार्ड के नेहरू स्टेडियम, गांधीबस्ती, दक्षिण शरणिया, लाचितनगर, 37 नंबर वार्ड के चांदमारी, कर्नाचल, पदुमपुखुरी, 38 नंबर वार्ड के कृष्णनगर, 39 नंबर वार्ड के राजगढ़, गांधीबस्ती के कुछ हिस्से, 40 नंबर वार्ड के ज्योतिनगर, मिलनपुर शामिल हैं।
साथ ही 41 नंबर वार्ड के हाथीगढ़ चाराली, जुरोड, 42 नंबर वार्ड के तरुण नगर, अनिल नगर क्षेत्र का विशेष भाग, 44 नंबर वार्ड के चिड़ियाखाना, जापरीगोग क्षेत्र का विशेष भाग, 45 नंबर वार्ड के बामुनीमैदाम का विशेष भाग, 47 नंबर वार्ड के ज्योतिनगर, गोपालनगर, 48 नंबर वार्ड के नुनमाटी का विशेष भाग, 50 नंबर वार्ड के हेंगेराबारी, लिचुबागान का विशेष भाग, 51 नंबर वार्ड के बोरबारी और 53 नंबर वार्ड के छयमाइल, आनंदनगर के विशेष भाग को शामिल किया गया है।
विधानसभा के पुनर्निर्धारण के बाद पूब गुवाहाटी क्षेत्र के समाप्त होने के बाद न्यू गुवाहाटी क्षेत्र में इस बार कौन प्रतिनिधित्व करेगा यह समय ही बताएगा। न्यू गुवाहाटी क्षेत्र नया है और पहली बार इस क्षेत्र में चुनाव होने जा रहा है। इस क्षेत्र को इस बार ही प्रतिनिधि मिलेगा। इसके लिए पहले ही कई नेताओं ने संसदीय क्षेत्र में उम्मीदवार बनने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व गुवाहाटी के वर्तमान विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य इस बार न्यू गुवाहाटी के मजबूत दावेदार हैं। हालांकि, भट्टाचार्य के सामने चुनौती पेश करते हुए वरिष्ठ नेता रूपम गोस्वामी के अलावा युवा नेता प्रणव लहकर, शशांक डेका और महिला नेता अपराजिता भुइयां भी उम्मीदवार बनने की कोशिश कर रही हैं। संगठन के कोने-कोने में उम्मीदवार बनने की चाह रखने वाले लोग लगातार लोगों के बीच जाकर तृणमूल स्तर पर बैठक-सम्मेलन आदि आयोजित कर अपनी बातें रख रहे हैं। वास्तव में, प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य के उम्मीदवार होने के फैसले को लेकर पार्टी के नेतृत्व पर यह निर्भर करेगा कि इस नए विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार बनने की चाह रखने वालों का भविष्य क्या होगा कि उन्हें टिकट मिलेगा या नहीं।
उल्लेखनीय है कि, 35 नंबर न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र की हाल ही में प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 1,96,016 है। इनमें 94,390 पुरुष मतदाता, 1,01,621 महिला मतदाता और 5 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। न्यू गुवाहाटी क्षेत्र में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 201 से बढ़ाकर 219 कर दी गई है।
पूर्व गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व 2016 से लगातार दो बार भाजपा विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने किया है। 2016 के चुनाव में सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने कांग्रेस की बबिता शर्मा को हराया था। सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने 1,27,602 वोट (78.49 प्रतिशत) प्राप्त किए, जबकि कांग्रेस की बबिता शर्मा को 30,965 वोट (19 प्रतिशत) मिले। वहीं, 2021 के चुनाव में सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने कांग्रेस की असीमा बोरदलोई को हराया। सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने 1,13,461 वोट (66 प्रतिशत) प्राप्त किए, जबकि असीमा बोरदलोई को 29,361 वोट (17 प्रतिशत) मिले। ध्यान देने योग्य है कि असम आंदोलन के बाद 1985 में असम गण परिषद के बिराज कुमार शर्मा, 1991 में कांग्रेस के चित्तरंजन पटवारी, 1996 में असम गण परिषद के बिराज कुमार शर्मा, 2001 में कांग्रेस के पंकज बोरा, 2006 में कांग्रेस के रोबीन बोरदलोई और 2011 में पुनः रोबीन बोरदलोई ने इस क्षेत्र का विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। --------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

