सीपीआई (एम) ने असम विस की दो सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
गुवाहाटी, 16 मार्च (हि.स.)। असम प्रदेश सीपीआई (एम) सचिव सुप्रकाश तालुकदार ने ज़ोर देकर कहा कि उन्हें 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों में दोनों सीटें जीतने का पूरा भरोसा है। तालुकदार ने कहा कि हमने दो सीटों भवानीपुर-सोरभोग और गोरेस्वर से चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया है। हमारे उम्मीदवार दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार होंगे। सीपीआई (एम) कांग्रेस के गठबंधन वाले धड़े का हिस्सा है।
पिछली विधानसभा में भवानीपुर से विधायक रहे मनोरंजन तालुकदार भवानीपुर-सोरभोग सीट से चुनाव लड़ेंगे। 2023 में परिसीमन प्रक्रिया के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदल दिया गया था और इसकी सीमाएं फिर से तय की गई थीं।
पार्टी ने गोरेस्वर निर्वाचन क्षेत्र से बापू राम बोड़ो को उम्मीदवार बनाया है। यह क्षेत्र बोडोलैंड क्षेत्रीय क्षेत्र (बोड़ोलैंड टेरिटोरियल रीजन) के अंतर्गत आता है। सुप्रकाश तालुकदार ने कहा कि सीपीआई (एम) ने असम में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ हाथ मिलाया है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारे उम्मीदवारों को बहुमत मिलेगा।
कांग्रेस और सीपीआई (एम) के अलावा, विपक्षी गठबंधन के अन्य सदस्यों में असम जातीय परिषद, ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस और सीपीआई (एमएल) लिबरेशन शामिल हैं। पिछली 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा की ताकत 64 थी, जबकि उसके सहयोगी अगप के पास नौ विधायक, यीपीपीएल के पास सात और बीपीएफ के पास तीन सदस्य थे।
विपक्षी खेमे में, कांग्रेस के पास 26 विधायक, एआईयूडीएफ के पास 15 सदस्य और सीपीआई (एम) के पास एक विधायक है। इसके अलावा एक निर्दलीय विधायक भी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

