home page

असम विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष को लेकर सस्पेंस बरकरार

 | 
असम विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष को लेकर सस्पेंस बरकरार


गुवाहाटी, 25 मई, (हि.स.)। असम विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष को लेकर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता कौन होगा, इसे लेकर पार्टी के भीतर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन सिकदर और नुरूल हुदा ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा दिल्ली में लिया जाएगा।

विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दोनों विधायकों ने कहा कि पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर लगातार चर्चा चल रही है, लेकिन अभी तक किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई है।

उल्लेखनीय है कि, रविवार को कांग्रेस हाईकमान के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल विधायकों के बीच आम सहमति बनाने के उद्देश्य से गुवाहाटी पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सभी विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी राय जानी।

सूत्रों के अनुसार, लंबी चर्चा के बावजूद किसी एक उम्मीदवार के नाम पर आम सहमति नहीं बन सकी। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष के चयन में हो रही देरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही इस मुद्दे पर अंतिम फैसला ले सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश