home page

जुलाई में आयोजित होगा असम विधानसभा का बजट सत्र

 | 
जुलाई में आयोजित होगा असम विधानसभा का बजट सत्र


नगांव (असम), 15 मई, (हि.स.)। दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद शुक्रवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थल बटद्रवा थान पहुंचे और वहां दर्शन-पूजन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि असम विधानसभा का बजट सत्र जुलाई महीने में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आगामी पांच वर्षों के विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता से मिले सुझावों को बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने सरकार से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं और सरकार जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के बेदखल किए गए सत्रों की भूमि को पुनः मुक्त कराने के लिए सत्र आयोग पहले की तरह कार्य करता रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह स्वयं सत्र आयोग के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे और इस अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत गठबंधन को मिले प्रचंड जनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि 102 सीटों के समर्थन से सरकार का गठन हुआ है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारियां भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि असमवासियों की अपेक्षाएं और आकांक्षाएं बहुत बड़ी हैं तथा सरकार उन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश