असम विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सदन के अंदर प्लेकार्ड लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। असम विधानसभा का बजट सत्र के पहले दिन साेमवार काे विपक्ष ने विभिन्न मांगों को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया। इसी बीच विपक्षी दलों ने आज पहले दिन ही विधानसभा के अध्यक्ष की सीट के पास जाकर प्लेकार्ड लेकर विभिन्न नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में विपक्षी दलों ने कुछ समय के लिए सदन से बहिर्गमन किया।
उल्लेखनीय है कि, राइजर दल, कांग्रेस और एआईयूडीएफ ने सदन में स्थगन प्रस्ताव पेश किया और सदन के सामान्य कार्यसूची को स्थगित रखकर अलग-अलग उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करने का अनुरोध किया। लेकिन विधानसभा के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने इस स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, जिससे विपक्षी दलों ने अध्यक्ष के सामने जाकर विरोध करना शुरू कर दिया। एक समय पर उन्होंने प्लेकार्ड लेकर नारे लगाते हुए सदन की कार्यसूची में बाधा डाली और फिर सदन से बाहर चले गये।
कांग्रेस दल की ओर से विपक्षी दल के नेता वाजिद अली चौधरी ने राज्य में बिजली कटौती, अक्सर बिजली आपूर्ति रुकना आदि विषयों पर चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव रखा। इसी तरह, अखिल गोगोई ने राज्य के सरकारी स्कूलों में असामान्य रूप से नामांकन की दर घटने और छात्रों की संख्या कम होने के मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए सभा स्थगन का प्रस्ताव पेश किया।
वहीं दूसरी ओर, एआईयूडीएफ पार्टी की ओर से मजीबुर रहमान ने बांग्लादेशियों के नाम पर आम लोगों को उत्पीड़ित करने का आरोप लगाते हुए और इस संदर्भ में बांग्लादेश के साथ एक प्रत्यर्पण समझौता करने की अनुशंसा करने और इस मामले पर चर्चा करने के लिए सदन में स्थगन प्रस्ताव पेश किया।
हालांकि, इस मामले में अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने कहा कि उक्त विषयों पर सदन के अगले दिनों में विभिन्न कार्यसूचियों के तहत चर्चा की जा सकती है, साथ ही उन्होंने विपक्ष के सभा स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकृत कर दिया। जिससे नाराज समूचा विपक्ष सदन से वहिर्गमन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

