अगप विधायक दल के नेता चुने गए अतुल बोरा, केशव महंत उप-नेता
गुवाहाटी, 06 मई (हि.स.)। असम में विधानसभा चुनाव संपन्न हाेने के बाद असम गण परिषद (अगप) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अतुल बोरा को विधायक दल का नेता चुना लिया है। उनके साथ ही, केशव महंत को विधायक दल का उप-नेता चुना गया है।
उल्लेखनीय है कि, ये दोनों नेता बीते 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में भी अगप के विधायक दल का नेता एवं उप नेता चुने गये थे। एक बार फिर से दोनों नेताओं को पार्टी ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए चुन लिया है।
ये नियुक्तियां साेमवार काे अगप विधायकों की एक बैठक के दौरान तय की गईं, जो विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी के भीतर आंतरिक एकीकरण का संकेत है।
पार्टी ने विधायक समूह के भीतर प्रमुख संगठनात्मक भूमिकाओं की भी घोषणा की। डॉ. तपन दास को विधायक दल का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि धर्मेश्वर रॉय मुख्य सचेतक (चीफ ह्वीप) के रूप में कार्य करेंगे।
विधायक दल के नेतृत्व का गठन अगप के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी असम विधानसभा में अपनी विधायी रणनीति को समन्वित करने और गठबंधन सहयोगियों के साथ तालमेल बिठाने की तैयारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि, असम गण परिषद 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के हिस्से के रूप में उतरी थी। गठबंधन के तहत अगप को 25 सीटें मिली थीं। हालांकि, एक सीट शिवसागर पर अगप ने मित्रवत चुनाव लड़ा था, यानि इस पर अगप और भाजपा दोनों पार्टियों ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। अगप ने इस बार कुल 10 सीटों पर जीत हासिल की है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में अगप को दो सीटें मिल सकती हैं।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

