home page

राजधानी पुलिस का अंतरराज्यीय नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान

 | 
राजधानी पुलिस का अंतरराज्यीय नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान


-मादक पदार्थ तस्कर गिरफतार इटानगर, 02 मई (हि.स.)। 'ऑपरेशन ऑल आउट' के तहत, अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र की इटानगर पुलिस ने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, स्रोत, परिवहन और स्थानीय वितरण के खिलाफ खुफिया जानकारी पर आधारित एक निरंतर अभियान चलाया है।

राजधानी पुलिस ने आज बताया है कि पिछले डेढ़ महीने में, इटानगर पुलिस ने हेरोइन से संबंधित एनडीपीएस के 6 मामले दर्ज किए हैं, 6 आरोपितों तस्करों/वाहकों को गिरफ्तार किया है और इटानगर के विभिन्न स्थानों से लगभग 120 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त किया है।

इन मामलों की जांच से एक समान पैटर्न सामने आया है कि जब्त किए गए मादक पदार्थ कथित तौर पर असम से प्राप्त किए जा रहे थे और अंतरराज्यीय चैनलों के माध्यम से इटानगर में आपूर्ति किए जा रहे थे। लगातार पूछताछ, तकनीकी जांच और संपर्क विश्लेषण के आधार पर, संदिग्ध आपूर्तिकर्ताओं में से एक की पहचान रुफुल अमीन के रूप में हुई, जिसकी उम्र 31 वर्ष है और वह असम के शोणितपुर जिले का निवासी है।

इटानगर पुलिस द्वारा प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर, आज असम के शोणितपुर जिले के जामुगुरी पुलिस स्टेशन के साथ एक संयुक्त अभियान चलाया गया, इस दौरान रुफुल अमीन को जामुगुरी से गिरफ्तार किया गया। इस अभियान के दौरान, उसके पास से संदिग्ध हेरोइन की मध्यम मात्रा जब्त की गई, जिसके आधार पर जामुगुरी पुलिस स्टेशन में एक अलग मामला दर्ज किया गया है।

जमुगुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामला इटानगर पुलिस द्वारा प्राप्त खुफिया जानकारी और असम के जामुगुरी के साथ आज चलाए गए समन्वित संयुक्त अभियान का सीधा परिणाम है। पुलिस आरोपित से आगे की पूछताछ जारी रखें हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी