असम और अरुणाचल का संबंध सिर्फ सीमा तक सीमित नहीं : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। असम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाके में असम के धेमाजी जिलांतर्गत गोगामुख क्षेत्र में हाल के दिनों हुई गोलीबारी की घटना के बाद दोनों राज्यों के लोगों के बीच भारी तनाव देखा जा रहा है। असम के लोगों द्वारा इस घटना को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए गोलीबारी करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना में लगभग 11 लोगों के घायल होने का दावा किया जा रहा है।
इस घटना को लेकर दोनों राज्य सरकारों के शीर्ष नेतृत्वों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते हुए हालात को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। इस संबंध में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ओर से भी लगातार सार्वजनिक रूप से संदेश जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया जा रहा है।
इस कड़ी में गुरुवार काे सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच का संबंध सिर्फ सीमा तक ही सीमित नहीं है। पीढ़ी दर पीढ़ी, हमारे दोनों राज्यों के लोग भाइयों-बहनों की तरह प्यार, अपनापन और पारस्परिक सम्मान के साथ एक साथ रहते आए हैं।
हाल के वर्षों में हम बातचीत और दोस्ती के माध्यम से हमारी सीमा से जुड़ी अधिकांश समस्याओं को हल करने में सक्षम रहे हैं। अब केवल 52 गांवों का मसला बाकी है। दोनों सरकारें समान दोस्ताना और सौहार्दपूर्ण दृष्टिकोण के साथ बातचीत जारी रखेंगी और इस विवाद को पूरी तरह सुलझाने के लिए काम करेंगी।
सीमा सिर्फ दो राज्यों की भौगोलिक स्थिति तय करती है, पड़ोसियों के दिलों के संबंधों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता। इसलिए असम और अरुणाचल के आम लोगों से हम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहन-सहन बनाए रखने की सच्ची अपील करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

