home page

एपीसीसी मुख्यालय राजीव भवन में मनायी गयी जुबीन गर्ग की जयंती

 | 
एपीसीसी मुख्यालय राजीव भवन में मनायी गयी जुबीन गर्ग की जयंती


-प्रदेश कांग्रेस ने जुबीन गर्ग के लिए न्याय की मांग को लेकर उठाई आवाज़- राजीव भवन में तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर जलाए गए मिट्टी के दीये- कांग्रेस नेताओं ने ‘मायाबिनी’ गीत गाकर किया याद

गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। असम और असमिया लोगों के चहेते कलाकार जुबीन गर्ग का जन्मदिन बुधवार को गुवाहाटी स्थित असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) मुख्यालय राजीव भवन में मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकार की तस्वीर पर फूल-मालाएं अर्पित की गईं और मिट्टी के दीये जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में पार्टी के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इनमें विधायक बेबी बेगम, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं महासचिव बिपुल गोगोई, मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदाब्रत बोरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुनाकांता गोगोई और मोइनाजान बेगम शामिल थीं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक साथ जुबीन गर्ग का लोकप्रिय गीत ‘मायाबिनी’ गाया।

अपने संक्षिप्त संबोधन में महासचिव बिपुल गोगोई ने कहा कि जुबीन गर्ग असम के लोगों से गहरा प्रेम करते थे और उनके भीतर देशप्रेम की भावना भी प्रबल थी।

वहीं, मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदाब्रत बोरा ने जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। राज्य सरकार की आलोचना करते हुए बोरा ने आरोप लगाया कि कमजोर आरोपपत्र दाखिल किए जाने के कारण ही जुबीन गर्ग की हत्या के आरोपित एक-एक कर जमानत पाने में सफल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस घटना को हत्या करार दिए जाने के बावजूद आरोपितों को जमानत मिलना दर्शाता है कि मौजूदा सरकार से जुबीन गर्ग को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संक्षिप्त संबोधन के जरिए कलाकार को याद किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय