बाढ़ प्रभावित जिलों के स्कूलों की यूनिफॉर्म के लिए असम सरकार ने जारी किए 8 करोड़ रुपये, प्रभावित परिवारों को मिलेंगे 15 हजार रुपये
गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत और पुनर्वास उपायों की नई श्रृंखला की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता, स्कूलों के पुनर्स्थापन और क्षति के आकलन के लिए समयबद्ध योजना लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ प्रभावित पात्र परिवारों को 2 या 3 अगस्त से 15 हजार रुपये की तत्काल वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि चाराईदेव, शिवसागर, जोरहाट और गोलाघाट—इन चार सबसे अधिक प्रभावित जिलों में 7 अगस्त से व्यापक क्षति सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा। सर्वेक्षण को 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने स्कूल यूनिफॉर्म के लिए 8 करोड़ रुपये जारी किए हैं। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें इसी बीच भेजी जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बाढ़ और कीचड़ से प्रभावित प्रत्येक स्कूल को सफाई एवं मरम्मत कार्य के लिए 2 लाख से 3 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि जमीनी स्थिति अनुकूल रही तो सरकार 9 अगस्त से ऊपरी असम के इन चार बाढ़ प्रभावित जिलों में स्कूलों में पढ़ाई दोबारा शुरू करने का प्रयास करेगी।
राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी के लिए मंत्रियों की एक टीम शुक्रवार को ऊपरी असम रवाना होगी। इसके अलावा चराईदेव और शिवसागर जिलों में क्षतिग्रस्त सड़कों तथा अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष विकास पैकेज भी तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और सामान्य जनजीवन की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करना है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

