home page

असम, मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं को गति देने की मांग की

 | 
असम, मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं को गति देने की मांग की


गुवाहाटी, 09 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर दोनों पूर्वोत्तर राज्यों में बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं को नई गति देने की मांग की।

कार्तव्य भवन में हुई बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र में पूंजीगत व्यय बढ़ाने तथा बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं के माध्यम से भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे के लिए निवेश के नए अवसर विकसित करने पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों राज्यों में बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं की गति को बढ़ाने के लिए उन्होंने मजबूत पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इससे भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

सरमा के अनुसार, केंद्रीय वित्त मंत्री ने प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और केंद्र सरकार की ओर से पूर्वोत्तर के विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए नए सिरे से प्रयास करने का आश्वासन दिया।

बैठक को असम और मेघालय में बुनियादी ढांचे के विकास को तेज करने तथा क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि के लिए अधिक निवेश जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में असम भवन की रेजिडेंट कमिश्नर कविता पद्मनाभन तथा वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश