home page

सीट बंटवारे पर कांग्रेस को अखिल गोगोई की चेतावनी

 | 
सीट बंटवारे पर कांग्रेस को अखिल गोगोई की चेतावनी


गुवाहाटी, 21 फरवरी (हि.स.)। राइजर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने शनिवार को सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऊपरी असम में कांग्रेस की जड़ें कमजोर हो चुकी हैं और क्षेत्र की कई सीटें उनकी पार्टी को मिलनी ही चाहिए।

मीडिया से बातचीत में अखिल गोगोई ने कहा कि कांग्रेस के प्रति आम जनता में भारी असंतोष है और लोगों की नाराजगी की कोई सीमा नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी एकता को मजबूत करने के बजाय कांग्रेस व्यक्तिगत स्वार्थों में उलझी हुई है।

कांग्रेस की हालिया बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर चर्चा के दौरान योग्य और सर्वमान्य उम्मीदवारों के बजाय व्यक्तिगत पसंद के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह 100 सीटों पर दावा कर रही है, तो पहले 60 सीटें जीतकर दिखाए।

अखिल गोगोई ने यह भी कहा कि राइजर दल आज इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को सीटों के संबंध में दिया गया डेडलाइन भी आज समाप्त हो रहा है और इसके बाद पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश