home page

भाजपा को हराने के लिए अखिल गोगोई ने राहुल गांधी को दिए 10 सुझाव

 | 
भाजपा को हराने के लिए अखिल गोगोई ने राहुल गांधी को दिए 10 सुझाव


गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। राइजर दल के अध्यक्ष एवं विधायक अखिल गोगोई ने 2029 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 10 सूत्री सुझाव दिए हैं। साथ ही, उन्होंने गायक जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने के लिए चल रहे जनआंदोलन के कमजोर पड़ने पर निराशा व्यक्त की है।

राहुल गांधी को लिखे पत्र में गोगोई ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से शुरू किए गए जनजागरण आंदोलन को कमजोर किया है। उन्होंने जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पहले सक्रिय रहे लोगों की घटती भागीदारी पर भी चिंता जताई।

गोगोई ने कहा कि जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने के आंदोलन का नेतृत्व अब उनके परिवार को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक नेता आंदोलन का नेतृत्व करेंगे तो जनता उन पर भरोसा नहीं करेगी। उन्होंने सभी लोगों से परिवार के नेतृत्व में एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पहले न्याय की मांग करने वाले अधिकांश लोग अब निष्क्रिय हो गए हैं, जबकि जुबीन गर्ग के जीवनकाल में उनके करीबी रहे लोग भी अब आंदोलन के मैदान में दिखाई नहीं दे रहे हैं।

गोगोई ने आगामी 28 नवंबर को जुबीन गर्ग के समाधि स्थल पर आयोजित होने वाले जनसमागम में राज्य के सभी लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि आमंत्रित किए जाने के बावजूद कई विशिष्ट लोग भी कार्यक्रमों में शामिल होने नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग की रेंज रोवर गाड़ी परिवार को नहीं बेचनी चाहिए थी और गायक द्वारा इस्तेमाल की गई सभी वस्तुओं को उनकी विरासत के रूप में संरक्षित रखा जाना चाहिए।

पामी बरठाकुर की ओर से कुछ लोगों को 'कचरा' कहे जाने की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गोगोई ने कहा कि यह गलत था। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे कितने भी तनाव या दुख में क्यों न हो, उसे जनता को इस तरह संबोधित नहीं करना चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश